इंदौर। snake prevention tips: मानसून बारिश, ठंडी हवाएं लेकर आता है, जिससे गर्मी से राहत मिलती है। कई परेशानियां भी मानसून के सीजन से जुड़ी होती हैं। इनमें में से एक सांपों का इंसानी बस्तियों में आना है।
बरसात के मौसम में सांपों के घर जलमग्न हो जाते हैं। वे सूखी और गर्म जगहों की तलाश में इंसानों के घरों की ओर बढ़ जाते हैं। अक्सर ये सांप किचन, गार्डन, स्टोर रूम या शेड्स में घुस आते हैं।
आपके किचन में स्वादिष्ट खाने की महक होती है। यहां कुछ ऐसी सामान्य चीजें भी होती हैं, जो बरसात में सांपों को आकर्षित कर सकती हैं। आइए जानते हैं किन किचन आइटम्स से सावधान रहना जरूरी है…
बचे हुए खाने के टुकड़े
खुले कूड़ेदान, जूठे बर्तन या जमीन पर गिरे खाने के टुकड़े चूहों को खींचते हैं। चूहे सांपों का पसंदीदा भोजन हैं, इसलिए किचन को खासतौर पर रात में साफ रखें। बंद कूड़ेदान का इस्तेमाल करें।
लीकेज वाली पाइपलाइन
सांप भी अन्य जीवों की तरह पानी के बिना नहीं रह सकते। किचन में टपकते नल, सिंक के नीचे लीकेज या पालतू जानवरों के लिए रखे पानी के कटोरे आकर्षित कर सकते हैं। पाइपलाइन की नियमित जांच करें। रातभर पानी खुला न छोड़ें।
गर्म कोने छिपने की जगह
फ्रिज के पीछे, कैबिनेट के नीचे या स्टोर रूम जैसे गर्म और अंधेरे कोने सांपों के छिपने की जगह होती हैं। इन स्थानों को साफ रखें, दरारें बंद करें और समय-समय पर जांच करते रहें।
तेज गंध वाले खाद्य पदार्थ
मांस, अंडा या मछली जैसी चीजों की गंध से सांप सीधे आकर्षित नहीं होते, लेकिन ये गंध उनके शिकार (चूहे, मेढ़क) को आकर्षित करती है। ऐसे में सांप भी इनके पीछे-पीछे आ सकते हैं। इन चीजों को अच्छे से ढक कर रखें।
घरेलू केमिकल्स और क्लीनर
साफ-सफाई में इस्तेमाल होने वाले केमिकल्स सांपों को नहीं लुभाते, लेकिन अगर कोई सांप गलती से इनके संपर्क में आता है, तो वह आक्रामक हो सकता है। ऐसे में सांप दिखने पर इन्हें स्प्रे करने की बजाय विशेषज्ञों की मदद लें।