घर घुसकर महिला के सिर पर मारी कुल्हाड़ी…:कमरे में फैला खून ही खून, पति पर भी हमला; जमीन बेचने से नाराज था पड़ोसी

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पड़ोसी युवक ने घर घुसकर महिला के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जमीन दूसरे को बेचने को लेकर युवक गुस्से में था। हमले से महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी। फिलहाल, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।

Advertisement

मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है। ग्राम भैंसदा में 16 जुलाई की रात पति-पत्नी घर पर थे, तभी आरोपी युवक दरवाजा खटखटा कर अंदर घुसा। वह अपने साथ कुल्हाड़ी लेकर आया था। पति-पत्नी और युवक के बीच बहस हुई। युवक ने पहले कुल्हाड़ी उठाकर दोनों को डराया, फिर सीधे महिला के सिर पर वार कर दिया।

महिला पर हमले के बाद उसने पति पर भी वार करने की कोशिश की, लेकिन पति ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। पति ने थाने में घटना की सूचना दी।जानकारी के मुताबिक पीड़ित पक्ष ने अपनी जमीन दूसरे को बेच दी। जबकि आरोपी हितेंद्र तरुण (29 साल) की उस जमीन पर नजर थी, जमीन मुझे नहीं बेची कहकर मनमुटाव रखता था।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के विवाद था। फिलहाल, अनिता सूर्यवंशी (35 साल) की हालत गंभीर है, वह बिलासपुर सिम्स में भर्ती है।

कैसे बना लाइव वीडियो

आरोपी पिछले कई दिनों से पीड़ित पक्ष को परेशान कर रहा था। पहले भी घर घुसकर विवाद कर चुका था, जिससे दंपती डरे-सहमे हुए थे। 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे जोर-जोर से दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। इस दौरान महिला के पति ने कैमरा ऑन कर सामने रख दिया था।

गिड़गिड़ाते रहे पति-पत्नी

2 मिनट के वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि आरोपी आरोपी हितेंद्र तरुण (29 साल) ने घर घुसते ही पति-पत्नी के ऊपर कुल्हाड़ी तान दी और डराने लगा। दोनों मना करते रहे, इसी बीच पूरी ताकत के साथ मारा। वीडियो में आवाज भी सुनी जा सकती है।

परिवार सहित भागा आरोपी

एसपी विवेक पांडेय ने बताया कि, पुलिस ने घायल महिला को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। महिला की स्थिति अभी गंभीर है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपी और उसका पूरा परिवार ताला लगाकर भाग गया है।

Advertisements