जोधपुर के युवक को पड़ोसियों ने शादी का झांसा देकर 3,85,000 रुपए ठग लिए। एक साल के भीतर चार-चार शादियां कराईं। एक भी दुल्हन साथ नहीं आई। कोई बस-ट्रेन से, तो कोई मंडप से ही फरार हो गई।
हर शादी से पहले युवक से पैसों की डिमांड की गई। युवक पैसे देता गया, पर दुल्हन नहीं मिली। पैसे मांगे तो उसे जेल भिजवाने की धमकी देकर भगा दिया गया। गुरुवार को जोधपुर के लूणी थाने में पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
काफी समय से नहीं हो रही थी शादी लूणी थानाधिकारी डॉ. हनवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया- विजेंद्र भारती (29) ने गुरुवार को शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत में कहा है कि उसका काफी समय से शादी नहीं हो रही थी। वह शादी के लिए लड़की की तलाश में था। उसके पड़ोस में ही पप्पू भारती, अमर भारती, भंवरी देवी पत्नी अमर भारती और राकेश भारती रहते हैं। उनको इस बात की जानकारी थी। उन्होंने विजेंद्र से बेईमानी और धोखाधड़ी से रुपए ऐंठने के लिए योजना बनाई। विजेंद्र को बताया कि उसका विवाह मिलनसार लड़की से करवा दिया जाएगा।
विजेंद्र ने इन लोगों की बातों पर विश्वास किया। 26 अप्रैल 2024 को ट्रेन से सासाराम (बिहार) गए। वहां से बक्सर और बक्सर से फिर दिनार गए। वहां पर इन लोगों ने चार-पांच लड़कियां बताईं। लड़की से शादी के एवज में समय-समय पर इन लोगों ने पप्पू भारती के खाते में ₹185000 डलवाए। अमर भारती, राकेश भारती, भंवरी देवी ने शादी के नाम पर 2 लाख कैश लिए और आपस में बांट लिए।
बार-बार शादी, पर दुल्हन एक भी साथ नहीं विवाह के बाद जब विजेंदर जोधपुर के लिए रवाना हुआ तो पहली लड़की बस से उतरकर चली गई और नहीं मिली। विजेंद्र ने आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि दूसरी शादी करवा देंगे। विजेंद्र की शादी दूसरे दिन अन्य लड़की से करवा दी। उसे लेकर विजेंद्र ट्रेन से जोधपुर के लिए रवाना हुआ तो वह लड़की भी रास्ते में कहीं गुम हो गई, जो उसे फिर नहीं मिली। इसके बाद विजेंद्र ने आरोपियों से फिर संपर्क किया। फिर दूसरे दिन एक और लड़की से शादी करवा दी। शादी के बाद वह साथ चलने को राजी नहीं हुई।
मंडप से शादी छोड़ भागी तीसरी दुल्हन विजेंद्र ने आरोपियों से कहा कि उसने सारी जमा पूंजी उनको दे दी है। वे उनके साथ बिहार लाकर शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर रहे हैं। उसके पास खर्च के लिए भी रुपए नहीं बचे हैं। इस पर उन लोगों ने विजेंद्र से कहा कि कल एक और लड़की से शादी करवाकर पूरा विवाद समाप्त कर देंगे। इसके बाद एक और लड़की से शादी करवाई। वह लड़की विवाह मंडप से चली गई। इसके बाद सभी आरोपियों ने बताया कि अब शादी एक महीने बाद होगी और जोधपुर चलना पड़ेगा।
पैसों की वापसी के लिए भी धोखा जोधपुर लौटने के बाद विजेंद्र ने अपने पैसे वापस पाने की कोशिश की। 23 मई 2024 को आरोपियों से बात हुई, जिसमें ₹2,90,000 का लेनदेन बताया गया। कुल ली गई राशि ₹3,85,000 में से ₹1,15,000 दो महीने में लौटाने का वादा किया गया, लेकिन यह वादा भी झूठा निकला। दो महीने बीत जाने के बाद भी एक रुपया भी वापस नहीं किया गया।
आखिरकार, न्याय पाने के लिए विजेंद्र ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पप्पू भारती पुत्र अमर भारती, अमर भारती पुत्र तेज भारती, भंवरी देवी पत्नी अमर भारती और राकेश भारती पुत्र अमर भारती के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। सभी आरोपी लूणी के रहने वाले हैं।