बीकानेर में बुधवार की रात पति-पत्नी के बीच झगड़े में पति ने चाकू से गला काटकर सुसाइड कर लिया। उसको बचाने की कोशिश में पत्नी और मृतका का छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। गला कटने से खून से लथपथ पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना कमला कॉलोनी क्षेत्र की है।
सब्जी काटने वाले चाकू से वार एएसपी सौरभ तिवाड़ी ने बताया- कमला कॉलोनी में रहने वाले सन्नी पंवार (42) और उसकी पत्नी ममता पंवार के बीच रात करीब साढ़े 9 बजे झगड़ा हो गया था। पहले दोनों के बीच झगड़ा सिर्फ बोल-चाल तक सीमित रहता था। करीब-करीब रोज ही लड़ते थे। बुधवार झगड़ा बढ़ गया। गुस्से में सन्नी किचन में गया और वहां से सब्जी काटने वाला चाकू ले आया।
एएसपी ने बताया कि मृतक की पत्नी ममता ने बयान दिया है कि पति ने सुसाइड किया है और रोकने की कोशिश में वो भी घायल हो गई।
विवाद के बीच छोटा भाई भी आया विवाद के बीच सन्नी का भाई जीतू भी आ गया। तीनों के बीच झगड़ा और बीच-बचाव चल रहा था। इसी दौरान सन्नी ने चाकू से गला काट लिया और वो वहीं ढेर हो गया। इसी दौरान ममता और जीतू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सन्नी को तुरंत एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले जाया गया। यहां से पीबीएम अस्पताल के लिए रेफर किया। वहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
देवर-भाभी हॉस्पिटल में भर्ती सन्नी की पत्नी ममता के हाथ व अन्य हिस्सों में चोट लगी हुई है। इसी तरह जीतू के भी शरीर के कई हिस्सों में जख्म हो गए हैं। पीबीएम हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर में दोनों का इलाज चल रहा है।
डिलीवरी बॉय था सन्नी सन्नी बेरोजगार था, लेकिन कभी कभार डिलीवरी बॉय का काम करता था। प्राइवेट कंपनियों के पार्सल पते पर पर पहुंचाया करता था। कभी काम करता था, कभी छोड़ जाता था। पिछले कुछ दिनों से वो काम पर नहीं जा रहा था। ज्यादा शराब पीने और झगड़ा करने की आदत बढ़ गई थी।
दो बेटे, दोनों कॉलेज में सन्नी और ममता के 2 बेटे हैं और दोनों कॉलेज में पढ़ते हैं। झगड़े के वक्त दोनों घर पर नहीं थे। हालांकि बाद में उनको बुलाया गया। दोनों बेटे भी मां-बाप के झगड़ों से परेशान रहते हैं।
आज होंगे दोनों के बयान पुलिस ने रात में दोनों घायल ममता और उसके देवर जीतू को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करा दिया था। दोनों के बयान रात में नहीं हुए थे। आज दोनों के बयान लिए जाएंगे।
उधर, आज ही सन्नी का पोस्टमॉर्टम भी होगा। घर में किसी तरह का सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ है। पुलिस आज पड़ोसियों से भी पूछताछ कर सकती है, ताकि घटनाक्रम से पर्दा उठ सके।