इंदौर में दो महीने के बच्चे का दो लाख में सौदा करते हुए पांच महिलाएं गिरफ्तार

बार-बार शादी कर ठगी करने वाली महिलाओं ने बच्चों की खरीद-फरोख्त करना स्वीकारा है। रावजी बाजार पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपित महिलाएं दो महीने के बच्चे का दो लाख रुपये में सौदा कर रही थीं। पुलिस ने आटो पार्ट्स व्यापारी को ग्राहक बनाकर भेजा और महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। दो महिलाएं तो पूर्व में भी बच्चा बेचने के आरोप में हीरानगर में गिरफ्तार हो चुकी हैं।

एडिशनल डीसीपी जोन-4 दीशेष अग्रवाल के मुताबिक रावजी बाजार पुलिस ने मंगलवार को पूजा उर्फ रानू नागदा, प्रिया किशन राठी निवासी उज्जैन, दीपिका सिंह झाला निवासी उज्जैन, विजय हरिसिंह मोगरकार निवासी उज्जैन और वीरेश लाल निवासी मैनपुरी (उप्र) को गिरफ्तार किया था। आरोपित महिलाएं अलग-अलग लोगों से शादी कर उनके घर से सोना-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो जाती थीं।

पुलिस की पूछताछ में हुए खुलासे

इसी गिरोह से आगे की पूछताछ में मासूम बच्चों की खरीद-फरोख्त के संबंध में जानकारी मिली और बुधवार को प्रमिला पति अविनाश साहू निवासी मयूर नगर मूसाखेड़ी, वंदना पति राजेश मकवाना निवासी टावर चौराहा इंदौर, रानू नागदा जिला उज्जैन, प्रिया माहेश्वरी निवासी उज्जैन और सोनू बेन उर्फ सोनू पाटोदिया निवासी उज्जैन को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित महिलाएं बच्चे का सौदा कर रही थीं। पुलिस ने रितेश व्यास निवासी आजाद नगर की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है। एसीपी विजय चौधरी के मुताबिक आरोपित प्रमिला और वंदना पूर्व में भी बच्चा बेचने के मामले में हीरानगर थाने में गिरफ्तार हो चुकी हैं। महिलाओं का संगठित गिरोह लंबे समय से मानव तस्करी में लिप्त है।

कारोबारी को बच्चा दिखाया, गोद देने के बहाने कर रही थीं सौदा

पुलिस को रितेश अक्षय व्यास निवासी आजाद नगर ने बताया कि उसका आटो पार्ट्स का व्यवसाय है। माता-पिता का देहांत हो चुका है और वह दोस्त अकरम के साथ रहता है। कुछ दिनों पूर्व मूसाखेड़ी में प्रमिला से मुलाकात हुई थी। उसने बताया वह बुजुर्गों की देखभाल के लिए केयर टेकर सेंटर चलाती है।

उसने दोनों महिलाओं से बच्चा गोद लेने के संबंध में चर्चा की। आरोपित महिलाओं ने सोनू बेन से मिलवाया और वह दो साल का बच्चा दिखाया। दो लाख रुपये में सौदा करते ही पुलिस ने महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक सोनू डिलीवरी के बाद ही पति रामेश्वर से अलग हो गई थी।

Advertisements