Left Banner
Right Banner

घरेलू विवाद पर छोटे भाई ने की मझले भाई की हत्या, रात भर घर में तड़पता रहा युवक

भिलाई-3 थाना क्षेत्र के डबरा पारा में घरेलू विवाद के बाद छोटे भाई ने अपने ही मझले भाई की टंगिया से वार कर हत्या कर दी। घटना शनिवार की रात हुई। घटना के बाद दहशत में स्वजन गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल लेकर नहीं गए।

रविवार की सुबह आसपास के लोगों ने जानकारी लगने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान घायल युवक डामन सिंह ठाकुर ( 27 ) की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई आरोपित शरद ठाकुर ( 25 ) को गिरफ्तार कर लिया।

शरद के साथ पहले भी हो चुका है हादसा

भिलाई-3 पुलिस के अनुसार तीन भाइयों में मृतक डामन मंझला और आरोपी शरद ठाकुर छोटा है। इनका एक बड़ा भाई चंद्रशेखर ठाकुर है। इनके माता पिता का स्वर्गवास हो चुका है। तीनों भाई डबरा पारा दक्षिण में मौसी और मौसा के साथ एक घर में रह रहे थे। शरद के साथ पूर्व में सड़क हादसा हुआ था। जिसमें सिर पर चोट लगने से उसकी दिमागी हालत कुछ ठीक नहीं थी।

इस वजह से वह कुछ काम नहीं करता था और अपने खर्चे के लिए भाईयों से पैसे मांगता रहता था। इसी बात पर कल रात शरद और डामन के बीच विवाद होने हुआ। इसके बाद तैश में आकर शरद ठाकुर ने डामन पर टंगिया से वार कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस

बताया जाता है कि आज सुबह मोहल्ले वालों को डामन सिंह ठाकुर के घर पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली। स्वजन तब गुमराह करने में लगे थे कि देर रात कोई अज्ञात व्यक्ति ने आकर डामन सिंह पर हमला कर दिया है। बात थाने तक गई तो पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को अस्पताल भिजवाने के बाद सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि आपसी विवाद के चलते छोटे भाई शरद ने ही डामन सिंह ठाकुर पर टंगिया से वार किया है।

 

Advertisements
Advertisement