कलेक्टर रोहित व्यास एवं जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025 अंतर्गत स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, जशपुर के विद्यार्थियों को जिला संग्रहालय एवं स्नेह भवन का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई तथा जिला पंचायत सभागार में रजत जयंती संबंधी डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को जशपुर की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, परंपरागत परिधान तथा कर्मा एवं सरहुल जैसे लोकनृत्यों की विशेषताओं से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा संचालित विकास कार्यों पर प्रकाश डाला।
एसडीएम विश्वास राव मस्के के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा रजत जयंती महोत्सव जनवरी माह तक निरंतर आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की गाथा, आदिवासी जीवन की झलक एवं प्राचीन परंपराओं को समझने और जानने का अवसर प्राप्त होगा।
भ्रमण उपरांत जिला पंचायत संवाद सभागार में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई। इस फिल्म में प्रदेश की गाथा, पारंपरिक लोकनृत्य, संस्कृति, विकास और सुशासन के साथ छत्तीसगढ़ की निर्माण यात्रा को दर्शाया गया, जिसका विद्यार्थियों ने गहन रुचि के साथ अवलोकन किया।
कार्यक्रम के अंत में एडीपीओ विनय सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पर्यटन एवं संस्कृति समन्वयक रूपेश पाणिग्राही श्री रोपण राम, विध्यांचल शर्मा एवं आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय के शिक्षकगण की सक्रिय सहभागिता रही।