घर में फंदे पर लटका 9वीं का छात्र; बहन बोली- रस्सी से खेलते हुए हादसा हुआ

पांढुर्णा में नौवीं में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

घटना संतोषी माता वार्ड में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की है। बच्चे का नाम भूषण गोहते था। उसकी मां संगीता खेत पर काम करने गई थी। वह अपनी बड़ी बहन के साथ घर में था। बहन ने पुलिस को बताया कि भाई आधे घंटे से रस्सी बांधकर खेल रहा था। उसने मना भी किया था, लेकिन उसने कहा कि वह सिर्फ खेल रहा है।

बहन गीले कपड़े छत पर डालने चली गई। जब वापस आई तो देखा कि भाई फंदे पर लटका हुआ था। उसने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

पिता की पहले ही हो चुकी मौत

सूचना मिलते ही पांढुर्णा पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी अजय मरकाम ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। परिवार की स्थिति काफी कमजोर है। बच्चे के पिता मोरेश्वर गोहते की 7 साल पहले मौत हो चुकी। मां मजदूरी कर बच्चों का पालन-पोषण करती है। इस घटना से परिवार सदमे में है।

 

Advertisements
Advertisement