गुना जिले के नानाखेड़ी इलाके में गुरुवार रात एक युवक का मर्डर हो गया। उसकी धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हत्या 3-4 लोगों ने मिलकर की, फिलहाल यह संख्या कंफर्म नहीं हो पाई है। मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार नानाखेड़ी मंडी में खाद वितरण केंद्र के पास रात करीब 9.30 एक युवक का शव मिला। युवक के सिर से खून बह रहा था। वहां से निकल रहे लोगों ने शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भिजवाया और मौके पर जांच पड़ताल की।
जिस व्यक्ति का शव मिला, उसकी पहचान अनिल करोसिया निवासी कर्नलगंज (35) के रूप में हुई। युवक अपने घर जा रहा था और इसी दौरान किसी ने उस हमला कर दिया। फिलहाल हत्या के कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने कुछ संदिग्धों को राउंड अप भी किया है। देर रात तक पुलिस कई जगह दबिश देती रही।
एक साथ दो महिलाओं से अफेयर था
सूत्रों की मानें तो अनिल करोसिया का एक आरोपी की बहन से अफेयर था। लेकिन इसी बीच वह एक दूसरी महिला के भी संपर्क में आ गया था। ऐसे में उन दोनों महिलाओं के भाइयों ने मिलकर इसे खत्म करने की प्लानिंग की। अभी तक जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार इस वारदात को अंजाम देने वालों की संख्या चार थी।