ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या का सनसनीखेज मामला, पति और सास ने बहू को जिंदा जलाया

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से दहेज हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है। कासना थाना क्षेत्र के सिरसा गांव में ससुरालवालों ने बहू को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। मृतका का नाम निक्की बताया गया है। इस पूरी घटना का वीडियो उसकी ही बहन ने बना लिया, जिसने इसे परिजनों को भेजकर पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, निक्की की शादी 2016 में सिरसा गांव निवासी विपिन के साथ हुई थी। इसी परिवार में निक्की की बहन की भी शादी विपिन के भाई से हुई थी। शुरू में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन समय बीतने के साथ झगड़े बढ़ने लगे। विपिन की शराब पीने की आदत और उसकी मां का निक्की के प्रति सख्त रवैया घरेलू विवादों का कारण बनता रहा। आरोप है कि दोनों मिलकर निक्की को अक्सर प्रताड़ित करते थे।

21 अगस्त की रात हालात इतने बिगड़े कि पति और सास ने मिलकर निक्की पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उस समय निक्की की बहन मौके पर मौजूद थी, जिसने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। इसके बाद निक्की को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। सफदरजंग अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही निक्की ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एडीसीपी सुधीर कुमार के अनुसार, पति विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि बाकी आरोपी फरार हैं। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश कर रही हैं।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। लोग दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा पर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो निक्की की जान बच सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Advertisements
Advertisement