बिना बछड़ा दिए 5 लीटर दूध दे रही गाय, लोग मान रहे चमत्कार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपका इलाके में इन दिनों एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक गाय बिना बछड़ा जन्म दिए ही दूध दे रही है। आमतौर पर गाय तभी दूध देती है जब वह बछड़े को जन्म देती है, लेकिन इस मामले में गाय रोजाना सुबह-शाम मिलाकर करीब 5 लीटर दूध दे रही है। इस घटना को देखकर स्थानीय लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं और गाय को ‘कामधेनु’ कहकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

गांव के लोग रोजाना इस गाय को देखने के लिए पहुंच रहे हैं। कुछ लोग गाय की आरती उतारकर पूजा-पाठ कर रहे हैं। इस वजह से यह स्थान अब आस्था का केंद्र बन गया है। स्थानीय व्यापारी धनंजय सिंह, जो इस गाय के मालिक हैं, बताते हैं कि करीब एक महीने पहले उन्होंने देखा कि गाय के रहने की जगह दूध गिरा हुआ था। जब उन्होंने दूध निकाला तो पता चला कि गाय बिना बछड़ा दिए ही दूध दे रही है।

धनंजय सिंह ने बताया कि गाय दिन में दो बार करीब ढाई से तीन लीटर दूध देती है। इसमें से एक लोटा दूध भगवान को चढ़ाया जाता है और बाकी परिवार व आसपास के लोग उपयोग करते हैं। इस वजह से लोग इस गाय को चमत्कारिक मानकर कामधेनु का स्वरूप मानने लगे हैं।

आसपास के लोग भी इस गाय का दूध लेने आ रहे हैं और हर पूजा-पाठ में इसका दूध उपयोग किया जा रहा है। पड़ोसी आवंकित सिंह ने बताया कि उन्होंने यह गाय 2022 में खरीदी थी। उस समय इसे एक बछिया हुई थी और अभी यह करीब तीन साल की है। अचानक पिछले महीने से यह बिना बछड़ा दिए ही दूध देने लगी है।

वहीं, कोरबा के पशु चिकित्सक डॉ. एच.के. सोनी का कहना है कि यह स्थिति किसी चमत्कार का परिणाम नहीं है बल्कि हॉर्मोनल बदलाव के कारण हो सकती है। उन्होंने समझाया कि कई बार गाय के शरीर में हार्मोनल असंतुलन की वजह से भी दूध बनने लगता है।

हालांकि, स्थानीय लोगों के लिए यह घटना आस्था और विश्वास का विषय बन चुकी है। उनके लिए यह गाय अब सिर्फ एक पशु नहीं, बल्कि आस्था और श्रद्धा का प्रतीक बन चुकी है।

Advertisements
Advertisement