उज्जैन के पांड्या खेड़ी क्षेत्र में शुक्रवार (22 अगस्त) रात को दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। नारायण सिंह (50) नाम के व्यक्ति को तलवार लगी है। वह गंभीर रूप से घायल है। झगड़े में कुल चार लोगों को चो आई है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मामले में 8 लोग हिरासत में लिए गए हैं।
विवाद धार्मिक नारे से शुरू हुआ, जिसके बाद तनाव फैल गया। दोनों पक्षों की ओर से लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और पत्थर चलने लग गए। इस बीच कुछ लोगों ने मिलकर नारायण पर तलवार से हमला कर दिया। भाई रघुवीर व अन्य को भी चोटें आई हैं।
धार्मिक नारे से नाराज लोगों ने हमला किया
मक्सी रोड स्थित पांड्या खेड़ी निवासी नारायण सिंह ने शुक्रवार शाम को धार्मिक नारा लगा दिया। इससे नाराज युवक कुछ साथियों के साथ, लाठी, चाकू, तलवार लेकर नारायण के घर पहुंचे और हमला कर दिया।
नारायण को बचाने का प्रयास करने पर बदमाशों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठन के सदस्य भी इकट्ठा हो गए, जिसके कारण पथराव हो गया।
पुलिस के साथ आरएएफ की टुकड़ी भी तैनात
पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। क्षेत्र में एडिशनल एसपी नितेश भार्गव, सीएसपी पुष्पा प्रजापति, दो थानों के बल के साथ आरएएफ की टुकड़ी को भी क्षेत्र में लगाया गया है। एएसपी नितेश भार्गव ने बताया कि विवाद की सुचना पर पुलिस ने फौरन हालात पर काबू पाया।
फरियादी पक्ष से नारायण की पत्नी राधाबाई ने एफआईआर करवाई है, जिसमें आसिफ, सलमान, सोनू, कादर, भुरू, छोटू, शादाब के नाम हैं। इसमें बताया गया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपी आए और विवाद कर घर में तोड़फोड़ की धमकी दी।