MP डिंडौरी: दहेज प्रताड़ना केस में सजा काट रहा बंदी जेल में मृत, बहन बोली- ‘भाई स्वस्थ था’

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिला के जेल में बंद 45 वर्षीय बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात करीब दो बजे बंदी पवन धुर्वे (पिता नंदा धुर्वे), निवासी बुधगांव की तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के परिजन शनिवार सुबह जिला अस्पताल पहुंचे और पूरी घटना पर संदेह जताया। परिजनों ने बताया कि पवन किसी भी बीमारी से पीड़ित नहीं था। उसकी बड़ी बहन शशिकला मरावी ने कहा कि रक्षाबंधन पर ही वे भाई से राखी बांधने जेल आई थीं और उस समय उसकी तबीयत बिल्कुल सामान्य थी।

परिजनों ने आरोप लगाया कि रात को हुई मौत की जानकारी उन्हें सुबह 10 बजे दी गई। शव पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने बंदी की मौत की गहन जांच कराने की मांग की है।

गौरतलब है कि पवन धुर्वे को वर्ष 2024 में दहेज प्रताड़ना मामले में पांच साल की सजा सुनाई गई थी और तभी से वह जेल में बंद था। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार डिंडौरी और कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंचे और आगे की कार्यवाही शुरू कर दी।

Advertisements
Advertisement