सौरव गांगुली बने प्रिटोरिया कैपिटल्स के नए हेड कोच

भारतीय क्रिकेट के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सौरव गांगुली ने अपने करियर का नया अध्याय शुरू किया है। उन्हें दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग SA20 के आगामी सीजन के लिए प्रिटोरिया कैपिटल्स का हेड कोच नियुक्त किया गया है। यह पहली बार है जब गांगुली किसी पेशेवर टीम के साथ बतौर हेड कोच जुड़ रहे हैं।

फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक घोषणा करते हुए गांगुली का स्वागत किया और उन्हें ‘कोलकाता के प्रिंस’ की नई पारी की शुरुआत बताया। गांगुली का क्रिकेट करियर भारतीय क्रिकेट को नई दिशा देने वाला रहा है। कप्तान के रूप में उन्होंने टीम इंडिया को आत्मविश्वास से भर दिया और कई ऐतिहासिक जीत दिलाई। इसके अलावा बीसीसीआई अध्यक्ष रहते हुए भी उन्होंने महत्वपूर्ण फैसले लिए थे।

प्रिटोरिया कैपिटल्स ने गांगुली को यह जिम्मेदारी ऐसे समय दी है जब टीम पिछले सीजन में बेहद खराब प्रदर्शन कर चुकी थी। जहां पहले सीजन में टीम फाइनल तक पहुंची थी, वहीं 2025 में उसका सफर निराशाजनक रहा। अब गांगुली के सामने चुनौती होगी कि वह टीम को फिर से खिताब की दौड़ में शामिल कर पाएं।

यह नियुक्ति इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट के पद छोड़ने के तुरंत बाद हुई है। ट्रॉट ने पिछले सीजन में टीम की कोचिंग की थी, लेकिन परिणाम निराशाजनक रहे। गांगुली का अनुभव और नेतृत्व क्षमता टीम के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकती है।

गांगुली हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के साथ आईपीएल और महिला प्रीमियर लीग में क्रिकेट निदेशक के तौर पर जुड़े थे। वहीं उन्होंने भारतीय टीम का कोच बनने की इच्छा भी जताई थी। ऐसे में यह नई जिम्मेदारी उनके लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

SA20 का नया सीजन 26 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक खेला जाएगा। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि गांगुली अपने अनुभव और रणनीतिक सोच से प्रिटोरिया कैपिटल्स को नया मुकाम दिला पाएंगे।

Advertisements
Advertisement