रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई का निधन

राजधानी रायपुर की पहली महिला विधायक रजनी ताई उपासने का 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और घर पर ही उनका इलाज चल रहा था।बुधवार शाम अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। रजनी ताई उपासने के निधन की पुष्टि उनके बेटे सच्चिदानंद उपासने ने की है। पूर्व विधायक के निधन की खबर फैलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रजनी ताई को श्रद्धांजलि दी है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अप्रैल 2022 को रजनी ताई उपासने से फोन पर बात की थी। फोन पर पीएम ने उनसे कहा था कि ‘आपने पार्टी के लिए बहुत काम किया है। और जो जिम्मेदारी आपने दी, उसका मैं पालन कर रहा हूं।’

पूरे परिवार का RSS से रहा है जुड़ाव

पूर्व विधायक रजनी ताई का जन्म 28 अप्रैल 1933 को महाराष्ट्र के परतवाड़ा में हुआ था। उनका विवाह आकोट के दत्तात्रेय उपासने से हुआ। दत्तात्रेय आर्डिनेंस फैक्ट्री में थे। उनके 4 बेटे हैं। एक बेटे जगदीश उपासने वर्तमान में माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विवि भोपाल में कुलपति हैं।

सच्चिदानंद उपासने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हैं। गिरिश और हेमंत उपासने एलआईसी में कार्यरत हैं। 1967 में परिवार बालोद से रायपुर आ गया। पूरा परिवार RSS से जुड़ा रहा।

रायपुर की पहली महिला विधायक बनीं

ताई उपासने ने जनता पार्टी से 1977 में रायपुर विधानसभा से चुनाव जीतकर इतिहास रचा था। वह रायपुर की पहली महिला विधायक बनीं। उस दौर में राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बेहद सीमित थी, ऐसे समय में जनता का भरोसा जीतकर विधानसभा पहुंचना उनके साहस और संघर्ष को दर्शाता है।

अपने कार्यकाल में उन्होंने जनता के हितों को प्राथमिकता दी और रायपुर के विकास के लिए कई पहल की।

रजनी ताई उपासने (पूर्व विधायक)

जन्म – 28 अप्रैल 1933, परतवाड़ा (महाराष्ट्र)

निधन – 94 वर्ष की आयु में, 27 अगस्त 2025, रायपुर

विवाह – श्री दत्तात्रेय प्रह्लाद उपासने, आकोट

परिवार – चार बेटे: जगदीश, सच्चिदानंद, गिरीश और हेमंत

राजनीतिक जीवन

भारतीय जन संघ से जुड़ीं, शुरू से सक्रिय कार्यकर्ता

आपातकाल के दौरान भूमिगत आंदोलन का सफल संचालन

1977 में रायपुर शहर से विधायक चुनी गईं

समाज कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष रहीं

महिला मोर्चा खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका

Advertisements
Advertisement