बालोद में फैक्ट्री हादसा: मशीन की सफाई करते समय महिला मजदूर बुरी तरह घायल

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार सुबह फ्लाई ऐश ईंट फैक्ट्री में बड़ा हादसा हो गया। परसोदा (झलमला) स्थित गंगोत्री फ्लाई ऐश फैक्ट्री में काम कर रही महिला मजदूर रूपा मंडावी (47) मशीन की सफाई करते समय गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के वक्त मशीन अचानक चल पड़ी और महिला का पैर उसमें फंस गया।

जानकारी के अनुसार, रूपा मंडावी दल्लीराजहरा के इंदिरा नगर वार्ड 27 की निवासी हैं। वह करीब एक महीने पहले ही इस फैक्ट्री में मजदूरी करने आई थीं। रविवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे जब वह मशीन की सफाई कर रही थीं, तभी उनका पैर हाइड्रोलिक मशीन में फंस गया। इस हादसे में उनके दोनों पैर टूट गए और तीन उंगलियां कट गईं।

घटना के बाद सहकर्मी मजदूरों ने तुरंत उन्हें फैक्ट्री से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई, लेकिन गंभीर चोटों के चलते हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया।

महिला मजदूर ने बताया कि वह परिवार का भरण-पोषण करने के लिए फैक्ट्री में काम करने लगी थीं। उनका एक बेटा और बेटी राजहरा में रहते हैं। रोजाना की मजदूरी से ही घर का खर्च चलता था। हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने उन्हें इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल भिजवाया।

इस हादसे ने फैक्ट्रियों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मजदूरों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन सख्ती से किया जाता तो ऐसी घटना टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस और श्रम विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

Advertisements
Advertisement