महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 से पहले पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने ऐसा बयान दिया है, जिसने क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया है। 23 साल की फातिमा ने कहा है कि उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा भारतीय दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी हैं और वो उनके जैसा कप्तान बनना चाहती हैं।
लाहौर में दिए गए एक इंटरव्यू में फातिमा ने माना कि वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी को लेकर थोड़ा दबाव है, लेकिन धोनी से उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला है। उन्होंने कहा कि धोनी के फैसले लेने का तरीका, मैदान पर उनका धैर्य और खिलाड़ियों के प्रति समर्थन उन्हें हमेशा प्रेरित करता है। फातिमा ने यहां तक कहा कि जब उन्हें कप्तानी मिली, उसी समय उन्होंने तय किया था कि उन्हें धोनी जैसा शांत और रणनीतिक कप्तान बनना है।
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है। पाकिस्तान अब तक पांच बार टूर्नामेंट खेल चुका है, लेकिन तीन बार टीम एक भी मैच नहीं जीत पाई। पिछली बार 2022 में पाकिस्तान ने सिर्फ वेस्टइंडीज के खिलाफ एक मैच जीता था और आखिरी स्थान पर रहा था। फातिमा ने कहा कि इस बार उनकी टीम पूरी तरह से तैयार है और उनका लक्ष्य कम से कम सेमीफाइनल तक पहुंचना है।
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान में अब लड़कियां स्कूल स्तर पर क्रिकेट खेल रही हैं, जिससे महिला क्रिकेट का दायरा बढ़ रहा है। इसके अलावा आईसीसी की ओर से प्राइज मनी बढ़ाने के फैसले को भी उन्होंने सराहनीय बताया।
फातिमा ने अपनी टीम की ताकत के बारे में बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान के पास बेहतरीन स्पिन गेंदबाज हैं, जो वर्ल्ड कप में ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं। हालांकि टीम ने बल्लेबाजी पर भी काफी मेहनत की है और घरेलू क्रिकेट के जरिए खिलाड़ियों ने अभ्यास किया है। वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका सीरीज टीम का संतुलन बनाने में मदद करेगी।
कप्तान ने अंत में कहा कि उनकी फेवरेट टीम ऑस्ट्रेलिया है, लेकिन टीम इंडिया भी उन्हें बेहद दमदार लगती है। फातिमा सना का यह बयान न सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों बल्कि भारतीय फैंस के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।