बिलासपुर में गणेश पंडाल के पास युवकों ने गुंडागर्दी करते हुए जमकर बवाल मचाया। इस दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, सरकंडा के देवनंदन नगर फेस-2 निवासी सत्यमदास मानिकपुरी अपने दोस्तों के साथ मोहल्ले में गणेश प्रतिमा देखने निकला था। अभी वो बालाजी अस्पताल के पास पहुंचा था। इस दौरान पुरानी रंजिश के चलते गीतांजली सिटी फेस-2 में रहने वाला सागर डहरे अपने दोस्त संस्कार तिवारी की समिति के पास गया था।
यहां उसने सत्यम को देखकर पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करने लगा। सत्यम ने उसे गाली देने से मना किया। फिर देखते ही देखते उनके बीच विवाद शुरू हो गया।
दोस्तों के साथ मिलकर की जमकर मारपीट फिर चला दिया चाकू
सत्यम ने बताया कि, इस दौरान संस्कार तिवारी उसके दोस्त भुरु ठाकुर ने जमकर मारपीट करने लगे। इस दौरान सागर डहरे ने चाकू निकाल लिया और उसके सिर के पीछे हमला कर दिया। इस हमले में सत्यम खून से लथपथ होकर घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।
एक हमलावर गिरफ्तार
वारदात के बाद सत्यम के भाई द्रविड़ दास मानिकपुरी ने इस घटना की जानकारी सरकंडा पुलिस को दी। उसकी शिकायत पर पुलिस ने हमलावरों पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं, रात में घेराबंदी कर आरोपी सागर डहरे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर हमलावरों की जानकारी जुटा रही है।
गैंगवार और हत्या में भी था शामिल
सागर डहरे पूर्व में गैंगवार और हत्या का भी आरोपी रहा है। उसने वसीम खान के गैंग के साथ मिलकर उसने सिविल लाइन क्षेत्र के समता कॉलोनी स्थित गार्डन के पास नाबालिग नवीन महादेव पर चाकू से हमला किया था। इस हमले में उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में सागर को गिरफ्तार भी किया था। बाद में वो जमानत पर छूट गया।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि, सागर डहरे और उसके साथियों के साथ सत्यम का पुराना झगड़ा है। इससे पहले सत्यम के दोस्तों ने मिलकर सागर और उसके दोस्तों की जमकर पिटाई कर दी थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए सागर ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। सागर और उसके साथियों ने सत्यम से शराब पीने के लिए पैसे मांगे, उसके मना करने पर उसने विवाद शुरू किया और चाकू से हमला कर दिया।