उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के 32 साल बाद नौ बच्चों की मां अपने पति और परिवार को छोड़ प्रेमी संग फरार हो गई। महिला के तीन बच्चे शादीशुदा हैं और घर में बहुएं भी हैं, बावजूद इसके उसने अधेड़ उम्र में प्रेमी के साथ जाने का फैसला कर लिया। घटना उसैहत थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
जानकारी के मुताबिक महिला का प्रेम प्रसंग कासगंज जिले के बहेडिया निवासी पप्पू नामक व्यक्ति से चल रहा था। दोनों की नजदीकियां इतनी बढ़ गईं कि महिला ने पति और बच्चों को छोड़ प्रेमी संग भागने का निर्णय ले लिया। पीड़ित पति ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने महिला को बरामद कर न्यायालय में पेश किया, जहां उसने साफ कहा कि वह पति के पास नहीं बल्कि प्रेमी के साथ रहना चाहती है। इसके बाद पुलिस ने महिला को उसके प्रेमी के सुपुर्द कर दिया।
पति का आरोप है कि उसने कड़ी मेहनत और मजदूरी कर चार बीघा जमीन खरीदी थी, जो उसने पत्नी के नाम कर दी थी। अब जमीन भी उसके साथ चली गई। इतना ही नहीं, महिला अपने बेटे की बहू के जेवर और दस साल की बेटी को भी साथ ले गई। पीड़ित पति का कहना है कि पत्नी ने इस उम्र में धोखा देकर उसकी पूरी जिंदगी तबाह कर दी।
महिला के इस कदम से उसके नौ बच्चे भी हैरान और शर्मिंदा हैं। तीन बच्चों की शादी हो चुकी है और उनके भी बच्चे हैं। दादी और नानी बनने के बाद मां के इस फैसले ने पूरे परिवार और गांव में चर्चा का विषय बना दिया है। पति अब पछता रहा है कि उसने अपनी मेहनत की कमाई पत्नी के नाम क्यों कर दी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग इसे परिवारिक धोखे का बड़ा मामला मान रहे हैं।