हरियाणा का महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा, हिसार अब अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए तैयार हो रहा है। सरकार ने दुबई के लिए कारगो फ्लाइट शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। नागरिक उड्डयन विभाग की आयुक्त एवं सचिव अमनीत पी कुमार ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को जानकारी दी कि यह हिसार से पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान होगी। इसके लिए दिल्ली में केंद्र सरकार से बातचीत चल रही है।
हाल ही में 12 सितंबर को मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हिसार से जयपुर के लिए हवाई सेवा की शुरुआत की थी। अब दुबई तक कारगो उड़ान शुरू होने से किसानों के लिए विदेशों तक फलों और सब्जियों की सप्लाई आसान हो जाएगी। खासकर बागवानी करने वाले किसान अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपना सामान बेच सकेंगे। पहले खराब होने की आशंका के कारण इनका निर्यात संभव नहीं था। अब हिसार में कारगो सुविधा उपलब्ध होने से यह बड़ी राहत साबित होगी।
हिसार हवाई अड्डे को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। यहां डॉपलर वीओआर प्रणाली स्थापित की गई है, जिससे न्यूनतम दृश्यता की आवश्यकता घटकर 2800 मीटर रह गई है। इससे खराब मौसम में भी उड़ानों का संचालन संभव हो सकेगा। साथ ही, इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम लगाने का काम भी चल रहा है, जिससे रात में भी विमान सुरक्षित तरीके से लैंड हो सकेंगे।
सरकार हिसार को औद्योगिक, लॉजिस्टिक और निवेश केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है। इसे अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में शामिल किया गया है। अगस्त 2025 में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर परियोजना के लिए समझौते किए गए। लगभग 4680 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना से डेढ़ लाख के करीब रोजगार पैदा होंगे।
हिसार एयरपोर्ट से दुबई तक उड़ान शुरू होने के बाद न सिर्फ किसानों और कारोबारियों को फायदा होगा, बल्कि हरियाणा को उद्योगों का प्रवेश द्वार बनाने की दिशा में भी यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा।