खंडवा जिले की सीमा पर रविवार देर रात हादसा हो गया। रॉन्ग साइड आ रहे बेकाबू डंपर ने टवेरा गाड़ी को रौंद दिया। टवेरा सवार 7 दोस्त चपेट में आ गए। हादसे में खरगोन के भाजपा नेता कृष्णराज सिंह तोमर के भाई की मौत हो गई।
वहीं, 6 युवक घायल हैं, इनमें एक की हालत गंभीर है, जिसे इंदौर रेफर किया गया है। करणी सेना से जुड़े सभी युवक खरगोन के आभापुरी के रहने वाले है। ये लोग खंडवा रैली में शामिल होने आए थे। हादसा रविवार रात 11 बजे पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम खारवां के पास हुआ।
घटना में टवेरा गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं। गाड़ी में सवार रविराज सिंह तोमर निवासी आभापुरी की मौत हो गई। वहीं साथी चंद्रपाल सिंह तोमर की हालत गंभीर है, हादसे में उसकी एक आंख बाहर निकल गई। पैर टूट गए हैं। गंभीर हालत में उन्हें इंदौर रेफर किया गया है।
बाकी 5 अन्य साथियों शेलेंद्र सिंह तोमर, गोपाल सिंह, रविंद्र सिंह राजावत, हर्षराज सिंह, राजपाल सिंह तोमर को भी गंभीर चोटें आई है। जिनका इलाज खंडवा और खरगोन में चल रहा है।
टवेरा गाड़ी के परखच्चे तक उड़ गए रॉन्ग साइड आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टवेरा को टक्कर मारने के बाद करीब 40 फीट तक घसीटा है। टवेरा गाड़ी के परखच्चे तक उड़ गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। रविराज सिंह तोमर की मौके पर ही मौत हाे चुकी थी।
घटनास्थल से महज 12 किलोमीटर दूर है गांव खंडवा में निकली पथ अधिकार यात्रा में करणी सेना के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के आने की वजह से कई कार्यकर्ता खरगोन और बुरहानपुर से भी आए हुए थे। खरगोन के आभापुरी गांव से भी 7 दोस्त टवेरा गाड़ी में सवार होकर खंडवा आए थे। लौटते वक्त जिस खारवां गांव के पास हादसा हुआ, वह खंडवा जिले की सीमा का आखिरी गांव है। वहां से आभापुरी गांव की दूरी महज 12 किलोमीटर है।
एक दोस्त का केक काटकर बर्थडे मनाया टवेरा सवार युवकों में शैलेंद्र सिंह का रविवार को जन्मदिन था। खंडवा में यात्रा के समापन के बाद दोस्तों ने शैलेंद्र सिंह का जन्मदिन मनाया। करणी सेना के बड़े पदाधिकारियों की मौजूदगी में सार्वजनिक रूप से केक काटा गया। इसके बाद जीवन सिंह शेरपुर के काफिले के साथ ग्राम कोंडावद तक पहुंचे। वहां से पंधाना होकर आभापुरी के लिए निकल गए। हादसे में शैलेंद्र सिंह को भी चोटें आई हैं।
रविराज के परिवार में पत्नी और दो बच्चे मृतक रविराज सिंह तोमर के परिवार में पत्नी और दो बच्चे है, बच्चों की उम्र महज 5 साल और 8 साल है। रविराज के बड़े भाई कृष्णराज सिंह तोमर खरगोन भाजपा के नेता हैं। वे कांग्रेस विधायक के प्रतिनिधि भी रह चुके हैं। हादसे की खबर सुनते ही पूरे गांव में मातम फैल गया।