अलग-अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के असर से बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से नमी आ रही है। इस वजह से प्रदेश में वर्षा (MP Weather Update) हो रही है। इसी क्रम में गुरुवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक खजुराहो में 27, ग्वालियर में 14, टीकमगढ़ में नौ, श्योपुर में सात, जबलपुर में छह, उमरिया में पांच, इंदौर में एक मिलीमीटर वर्षा हुई।
हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना (IMD Alert) है। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी पीके रायकवार के मुताबिक वर्तमान में पूर्वी बिहार और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। मराठवाड़ा पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर दक्षिणी उत्तर प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
इसके अतिरिक्त मध्य प्रदेश के मध्य भाग से बंगाल की खाड़ी तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो विदर्भ, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश से होकर जा रही है। इन मौसम प्रणालियों के असर से दक्षिण एवं मध्य क्षेत्र में वर्षा हो रही है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से आ रही नमी के कारण प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा हो रही है। शुक्रवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
- भोपाल संभाग – 5 जिले (भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा)
- नर्मदापुरम संभाग – 3 जिले (नर्मदापुरम/होशंगाबाद, हारदा, बैतूल)
- जबलपुर संभाग – 8 जिले (जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट)
- इंदौर संभाग – 8 जिले (इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर)