मृतक सब इंजीनियर का हुआ तबादला: दल्लीराजहरा से तुमगांव भेजा, हंगामे के बाद जारी हुई नई सूची

छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने हाल ही में जारी ट्रांसफर सूची में गड़बड़ी देखने को मिली है। एक सब इंजीनियर की दो महीने पहले ही मौत हो चुकी है। लेकिन विभाग ने उनका तबादला दल्लीराजहरा से नगर पंचायत तुमगांव कर दिया। चूक सामने आने के बाद विभाग ने नई सूची जारी कर गलती सुधार ली है।

जानकारी के मुताबिक, 18 सितंबर को विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला आदेश जारी किया था। इसमें कुल 267 अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम शामिल थे। इस सूची में सहायक अधीक्षक से लेकर कार्यपालन अभियंता और प्रभारी कार्यपालन अभियंता तक का नाम दर्ज था।

मृतक इंजीनियर का नाम भी सूची में शामिल

इस सूची में सबसे बड़ी चूक यह हुई कि, विभाग ने दो महीने पहले मर चुके उप अभियंता योगानंद सोम का तबादला भी कर दिया। आदेश में योगानंद सोम का नाम क्रमांक 18 पर दर्ज था। आदेश के अनुसार उनका तबादला दल्लीराजहरा नगर पालिका से नगर पंचायत तुमगांव कर दिया गया। जबकि योगानंद सोम की मौत दो महीने पहले ही हो चुकी है।

गलती का एहसास होने पर निकाला गया नया आदेश

जब विभाग को अपनी गलती का पता चला तो तत्काल नया आदेश जारी किया गया। इसमें लिखा गया आदेश दिनांक 18 सितबंर 2025 के सरल क्र. 18 में उप अभियंता को नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा से नगर पंचायत तुमगांव टंकन त्रुटि के कारण अंकित हो गया है।

सरल क्रमांक 18 में अंकित नाम को विलोपित किया जाता है। जैसे ही यह आदेश जारी हुआ। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। लोग विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Advertisements
Advertisement