खेल संचालनालय में घोटाले को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन:ऑफिस में घुसे कांग्रेस-पदाधिकारी, संचालक नंगे पैर कार्यालय से बाहर निकली, प्रदर्शनकारी गिरफ्तार

खेल संचालनालय में घोटालों और अनियमितताओं के खिलाफ युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला अपने साथियों के साथ खेल संचालनालय कार्यालय पहुंचे और विभागीय भ्रष्टाचार को लेकर कड़ा विरोध जताया।

प्रदेश महासचिव भावेश शुक्ला ने संचालक और विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन देकर सवाल पूछे। प्रदर्शनकारियों के सवाल पर संचालक नंगे पैर अपने चेंबर से रवाना हो गईं। विभागीय अधिकारियों के इस रवैये से नाराज कार्यकर्ताओं ने कार्यालय गेट पर नारेबाजी की और करीब एक घंटे तक धरना दिया।

भाजपा पदाधिकारी चला रहे विभाग- युवा कांग्रेस

युवा कांग्रेस का आरोप है कि पूरा खेल विभाग बालोद जिले के भाजपा पदाधिकारी चला रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेताओं और अधिकारियों पर पसंदीदा वेंडर्स को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विभाग में मनमानी जारी है और कर्मचारियों को अधिकारियों के साथ बीजेपी नेता भी निर्देश देते हैं।

संचालक पर कार्रवाई की मांग

प्रदर्शनकारियों ने संचालक को बर्खास्त करने और कार्यालय के काम में हस्ताक्षेप करने वाले बीजेपी नेताओं पर कार्रवाई की मांग की है। युवा कांग्रेस के प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया और कुछ देर बाद हिदायत देकर छोड़ दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने खेल संचालनालय के अफसरों के खिलाफ जांच की मांग की है। युवा कांग्रेस ने विभागीय अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

Advertisements
Advertisement