दुर्गा पंडाल स्थापना को लेकर दो समुदायों में तनाव:कवर्धा के कामठी में पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम कामठी में नवरात्रि के पहले पंडाल स्थापना को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव फैल गया। शनिवार सुबह एक पक्ष द्वारा लगाए गए पंडाल को गोंडवाना समाज ने हटाने की कोशिश की, जिससे दूसरे पक्ष में आक्रोश फैल गया और विवाद उत्पन्न हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में एक महिला आरक्षक घायल हो गई, जो गर्भवती बताई जा रही है और उसके हाथ में गंभीर चोट आई है।

साथ ही मौके पर मौजूद एसडीओपी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। विवाद को देखते हुए कामठी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा, प्रशासन ने विवादित धार्मिक स्थल को शासकीय घोषित कर दिया है।

जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, कामठी गांव के बीचों-बीच एक प्राचीन मंदिर है, जिसमें कई देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से वहां नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। हालांकि, हाल के कुछ वर्षों से गोंडवाना समाज इस मंदिर पर अपना अधिकार जताने लगा है। उन्होंने मंदिर का नया नामकरण कर वहां सतरंगी झंडा भी स्थापित कर दिया है।

नवरात्रि पर एक बार फिर भड़का विवाद

मंदिर को लेकर पटेल समाज और गोंडवाना समाज के बीच पहले से ही तनातनी बनी हुई है। पिछले साल भी दुर्गा प्रतिमा स्थापना और नवरात्रि में पूजा-अर्चना को लेकर विवाद हुआ था, जिसे पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत करा दिया था।

हालांकि, दोनों समुदायों के बीच अंदरूनी नाराज़गी बनी रही और समय-समय पर तनाव का माहौल बना रहा। शनिवार को एक बार फिर विवाद ने तूल पकड़ लिया। हालात तनावपूर्ण हो गए, जिससे मामला बड़े विवाद का रूप ले लिया।

Advertisements
Advertisement