मेरठ में नर्स पर एक्स बॉयफ्रेंड के आदेश पर किया गया एसिड हमला, आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक 35 वर्षीय नर्स रुखसाना पर एसिड फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि यह हमला नाबालिग किशोर द्वारा किया गया था, जिसे नर्स के पूर्व प्रेमी महेंद्र प्रजापति ने ₹2,000 का लालच देकर उकसाया था। आरोपी महेंद्र ने रुखसाना से बातचीत बंद होने के कारण गुस्से में यह घटना अंजाम दी।

मामला लोहिया नगर थाना क्षेत्र का है। मंगलवार शाम को रुखसाना जैसे ही घर से अस्पताल जाने के लिए निकली, कुछ ही दूरी पर आरोपी किशोर ने उन पर एसिड फेंक दिया। इस हमले में नर्स के हाथ और शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया। स्थानीय लोगों ने रुखसाना को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने चार टीमों का गठन कर आरोपी किशोर को ट्रैक किया और सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में किशोर ने खुलासा किया कि महेंद्र प्रजापति ने इस घटना के लिए उसे पैसे का लालच दिया था।

महेंद्र की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह पुलिया के पास दिखाई दिया। जैसे ही पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, आरोपी ने बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की। जलालपुर के रास्ते में उसकी बाइक फिसल गई और उसने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाकर उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को इलाज के लिए मेडिकल में भर्ती कराया गया।

पूछताछ में महेंद्र ने माना कि रुखसाना से उसका पहले प्रेम संबंध था। लगातार संपर्क न होने और नाराजगी के चलते उसने नाबालिग किशोर को नर्स पर हमला करवाया। पुलिस ने महेंद्र के पास से एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए। गोली लगने के बाद आरोपी रोता हुआ पुलिस से माफी मांगता रहा और बोला, “साहब! गलती हो गई, माफ कर दो।”

इस घटना ने मेरठ में सुरक्षा और व्यक्तिगत विवादों के हिंसक रूप लेने की गंभीर चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और घटनाक्रम की जांच से भविष्य में ऐसे अपराधों को रोकने में मदद मिलेगी।

Advertisements
Advertisement