मुंबई के अंधेरी इलाके में एक भयावह घटना सामने आई है, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। यहां 23 वर्षीय युवक चेतन भात्रे ने बचपन से चल रही यातनाओं और परिवार की प्रताड़ना से तंग आकर अपने पिता मनोज और दादा (79) की हत्या कर दी। इस दौरान उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चेतन खुद पुलिस स्टेशन गया और अपना जुर्म कबूल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चेतन डिलीवरी बॉय का काम करता था और मंगलवार आधी रात के आसपास यह घटना हुई। चेतन ने पुलिस को बताया कि बचपन से ही उसे और उसकी बहन को पिता, दादा और चाचा लगातार प्रताड़ित करते थे। उसकी मां परेशान होकर घर छोड़ चुकी थी, लेकिन तीनों पुरुषों की प्रताड़ना जारी रही। वे शराब पीकर पैसे के लिए उसे और परिवार को परेशान करते थे और उसकी तनख्वाह भी छीनते थे।
घटना के दिन, जब चेतन काम से लौटे, तो पैसों को लेकर पिता और दादा के बीच फिर से विवाद हुआ। चाचा ने भी पिता का साथ दिया, जिससे चेतन का गुस्सा फूट पड़ा। उसने रसोई से चाकू लेकर पहले पिता पर हमला किया, जिससे पिता खून से लथपथ होकर गिर पड़े। इसके बाद चेतन ने अपने दादा और चाचा पर भी वार किया। इस हमले में पिता और दादा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चाचा अस्पताल में गंभीर रूप से इलाजरत हैं।
पुलिस ने चेतन को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक पिता और दादा के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में और पूछताछ कर रही है और सभी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
इस घटना ने अंधेरी इलाके में सनसनी मचा दी है। पड़ोसी और स्थानीय लोग इस दहशतनाक वारदात को लेकर सदमे में हैं। पुलिस ने बताया कि चेतन ने हत्या के बाद खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया, जिससे मामले का सच सामने आया।