Left Banner
Right Banner

बस्तर संभाग की 4,000 महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ, अक्टूबर में 20वीं किश्त जारी

छत्तीसगढ़ सरकार की महिला सशक्तिकरण योजना महतारी वंदन में बस्तर संभाग के माओवादी प्रभावित इलाकों की 4,000 नई महिलाओं को जोड़ा गया है। इन महिलाओं को अक्टूबर महीने में 20वीं किश्त का भुगतान किया जाएगा। योजना के तहत अब तक प्रदेश की 69 लाख से अधिक महिलाएं हर माह 1,000 रुपये की राशि प्राप्त कर रही हैं।

महिला व बाल विकास विभाग के अनुसार, बस्तर संभाग के पांच जिलों कांकेर, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा के 511 गांवों में 53 कैंप आयोजित किए गए। इन कैंपों के माध्यम से करीब नौ हजार आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से चार हजार महिलाएं पात्र पाई गईं। जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी थी, उन्हें पूरा कराकर लाभ दिलाया जाएगा। योजना का उद्देश्य 21 वर्ष से अधिक आयु की विवाहित और पात्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

महिला व बाल विकास विभाग ने बताया कि योजना की 19 किश्तें अब तक जारी हो चुकी हैं। सितंबर में 69,15,994 महिलाओं के खातों में 1,000-1,000 रुपये जमा किए गए थे। विभाग ने लाभार्थी महिलाओं से अपील की है कि वे अपना आधार कार्ड अपडेट कराएं, ताकि भुगतान में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। कई मामलों में आधार इनएक्टिव होने के कारण भुगतान निरस्त हो गया था।

प्रदेश में अभी भी कई महिलाएं योजना से वंचित हैं। इनमें वे महिलाएं शामिल हैं, जिन्होंने पहली बार पंजीकरण पोर्टल में आवेदन नहीं किया था या जो डेढ़ वर्षों में योजना के लिए पात्र हुईं। मुख्यमंत्री और महिला बाल व विकास मंत्री की ओर से पंजीयन पोर्टल को दोबारा खोलने की संभावना जताई जा रही है। यह घोषणा संभावित रूप से राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर की जा सकती है।

53 कैंपों के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी हो गई है और करीब चार हजार महिलाएं पात्र पाई गई हैं। इनके खातों में अक्टूबर में राशि जमा की जाएगी। शेष आवेदनों को भी पूरा कर लाभ दिलाने का प्रयास जारी है।

पदुम सिंह एल्मा, संचालक, महिला व बाल विकास विभाग ने बताया कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इस पहल से बस्तर संभाग की महिलाएं सीधे लाभान्वित होंगी और उनके जीवन स्तर में सुधार की संभावना बढ़ेगी।

Advertisements
Advertisement