Left Banner
Right Banner

प्यार में धोखे से टूटा युवक, बिलासपुर में रेल्वे ट्रैक पर कूदकर जान दी

बिलासपुर में एक युवक ने प्रेम संबंधों में मिले धोखे से आहत होकर आत्महत्या कर ली। शनिवार देर रात उसलापुर रेलवे ट्रैक पर गौरव सवन्नी (29) का शव दो टुकड़ों में मिला। सर धड़ से अलग हो गया था। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। उसमें गौरव ने लिखा कि वह एक युवती से प्यार करता था, लेकिन उसी ने उस पर दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया। नोएडा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। करीब 15 दिन पहले ही वह जमानत पर रिहा हुआ था और तभी से लगातार तनाव में था।

मृतक गौरव साकेत अपार्टमेंट, अग्रसेन चौक का निवासी था और नोएडा में नौकरी करता था। वहीं शादी डॉट कॉम के जरिए उसकी मुलाकात युवती से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बने, मगर कुछ समय बाद मामला बिगड़ गया और युवती ने गंभीर आरोप लगा दिए। इससे गौरव टूट गया था।

शनिवार शाम गौरव ने घर पर सुसाइड नोट छोड़ा और बाहर निकल गया। परिजनों ने रिश्तेदारों और व्हाट्सएप ग्रुप में उसकी जानकारी साझा कर खोजबीन शुरू की, लेकिन देर रात उसका शव अल्का एवेन्यू के पास रेलवे ट्रैक पर मिला।

थाना प्रभारी सुम्मत साहू ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

गौरव के पिता अशोक सवन्नी का कहना है कि बेटा नोएडा से लौटने के बाद से ही तनाव में था। वहीं चचेरे भाई ने आशंका जताई कि वह ऑनलाइन साइट्स के जाल में फंस गया था।

इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजन और परिचितों का कहना है कि यदि गौरव को समय रहते मानसिक सहारा मिलता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

Advertisements
Advertisement