रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 29 सितंबर को एक साथ चार बड़ी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। क्षेत्र के लिए यह दिन विकास की दृष्टि से बेहद अहम होने जा रहा है। इन परियोजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 96 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
पहली सौगात दानवीर भामाशाह वार्ड, शुक्रवारी बाजार में 3.37 करोड़ रुपए की लागत से बने नए शाला भवन के रूप में मिलेगी। यह शाला भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है और खासकर उन बच्चों को फायदा मिलेगा। जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं।
डिप्टी सीएम अरुण साव करेंगे भूमिपूजन और लोकार्पण
इसके बाद ठक्कर बापा वार्ड में 19.60 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली पानी टंकी का भूमिपूजन किया जाएगा। जिससे क्षेत्र में शुद्ध और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इसके अलावा रिंग रोड 2 पर दो महत्वपूर्ण ओवरब्रिज निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन होगा।
पहला ओवरपास बंगाली होटल के पास जरवाय मार्ग पर 23.89 करोड़ रुपए की लागत से और दूसरा हीरापुर चौक पर 49.40 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इन सभी कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे।
सीएम साय का जताया आभार
विधायक राजेश मूणत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र की वर्षों पुरानी जरूरतों का समाधान हैं। शाला भवन से शिक्षा, पानी टंकी से जनस्वास्थ्य और ओवरब्रिज से आवागमन की समस्या दूर होगी।
मिल रही विकास योजनाओं की स्वीकृति
उन्होंने कहा कि सीएम साय के नेतृत्व में रायपुर पश्चिम को लगातार विकास योजनाओं की स्वीकृति मिल रही है। मैं इसके लिए उनका धन्यवाद करता हूं। रायपुर पश्चिम विधानसभा को एक विकसित और सुविधाजनक क्षेत्र के रूप में आगे बढ़ाने के लिए वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं।
बता दें कि 29 सितंबर 2025 को होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय निवासियों में उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है।