Left Banner
Right Banner

बिलासपुर में सजा रावण बाजार, 250 से 20 हजार तक बिके पुतले

बिलासपुर में विजयादशमी पर्व को लेकर धूमधाम है। शहर के चौक-चौराहों से लेकर मैदानों तक रावण बाजार सज चुका है। गांधी चौक, मुंगेली नाका, नूतन चौक, राजकिशोर नगर और अन्य इलाकों में रावण के पुतले बिक रहे हैं। कीमतें हर वर्ग की जेब को ध्यान में रखकर तय की गई हैं। छोटे पुतले 250 रुपए से शुरू होकर बड़े पुतले 20 हजार रुपए तक बेचे जा रहे हैं। इस बार खास बात यह है कि बच्चों के लिए भी छोटे आकार के रावण उपलब्ध हैं।

शहर में सबसे बड़ा 101 फीट ऊंचा रावण साइंस कॉलेज मैदान में तैयार किया गया है। यहां अरपांचल दशहरा उत्सव का आयोजन होगा। रावण दहन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, भगवान राम-सीता-लक्ष्मण की झांकियां और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि होंगे जबकि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल अध्यक्षता करेंगे।

करीब 10 से अधिक स्थानों पर रावण दहन होगा। पुलिस ग्राउंड, रेलवे मैदान, पुराना बस स्टैंड, नूतन चौक और अन्य मैदानों पर रावण के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी जलाए जाएंगे। विधायक अमर अग्रवाल इस बार 7 अलग-अलग जगहों पर रावण दहन करेंगे।

कारीगरों का कहना है कि इस बार रावण बनाने की लागत अधिक आई है क्योंकि बांस और अन्य कच्चे माल की कीमतें बढ़ गई हैं। बावजूद इसके पुतलों की कीमतों में ज्यादा इजाफा नहीं हो पाया। 2500 से ज्यादा पुतले इस साल बनाए गए हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए इन्हें वाटरप्रूफ प्लास्टिक से ढककर तैयार किया गया है ताकि त्योहार तक सुरक्षित रह सकें।

गुरुवार शाम होने वाले रावण दहन से पहले शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें भगवान राम की झांकियां और भव्य आतिशबाजी होगी। पूरे शहर में दशहरे को लेकर उत्साह का माहौल है। भीड़भाड़ वाले बाजारों से लेकर मैदानों तक लोगों में बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है।

Advertisements
Advertisement