कांकेर जिले में नवरात्रि की नवमी पर ज्योति कलश विसर्जन के दौरान सांसद भोजराज नाग को देवी चढ़ गई। अंतागढ़ के शीतला माता मंदिर में पूरे विधि विधान से नवमी की पूजा हुई, इस दौरान वे झूपने लगे। सांसद की मां नूतन नाग ने भी पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
इसके बाद कलश विसर्जन जोगीधारा नदी के संगम में किया गया। भोजराज नाग ने बताया कि धनोरा में स्थित खंडा डोकरा आंगा देव अंतर्गत आने वाली बूढ़ी माता है, वो मुझ पर सवार होती है। 15-20 सालों से मुझे देवी आती है।
अंतागढ़ के शीतला माता मंदिर में पहुंचे श्रद्धालु
जिले में हर साल की तरह इस साल भी बड़े धूम धाम से नवरात्रि का पर्व मनाया गया। गांव वाले कहते है कि देश के एक मात्र कांकेर सांसद भोजराज नाग है जिन्हें देवी आती है। इसे देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु अंतागढ़ के शीतला माता मंदिर पहुंचते है।
गांव वालों ने बताया अनूठा संयोग
गांव के निवासी संजय ध्रुव और प्रफुल्ल मंडावी ने बताया कि हमारे लिए यह गर्व का विषय है, एक बैगा सिरहा जो कांकेर जिले के सांसद है उन्हें देवी आती है, भोजराज नाग संसदीय कार्य के साथ देवी देवता का भी काम करते है। ये अनूठा संयोग है जो अंतागढ़ वालों को मिला है।
40 गांव के देवी देवता आते है- ग्रामीण
शीतला समिति के अध्यक्ष संजय ध्रुव ने कहा वे समिति में पिछले 5 साल से जुड़े है। अष्टमी के दिन हवन पूजन कार्यक्रम हुआ। नवमी के दिन कलश यात्रा निकलती है, ये बहुत प्राचीन परंपरा रही है। यहां आसपास के 40 गांव के देवी देवता, पुजारी, बैगा सभी की मौजूदगी में मनोकामना कलश भव्यता के साथ विसर्जन किया जाता है।
ऊंचे पद में जाने के बाद भी देवी संबंध – ग्रामीण
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रफुल्ल मंडावी ने कहा कि गांव में नवरात्र की अंतिम दिन सभी देवी देवताओं का आगमन हुआ है। सांसद भोजराज नाग आज यहां पुजारी के रूप में शामिल हुए है। इतने ऊंचे पद में जाने के बाद भी आज भी देव के साथ उनका संबंध है, उनको देवी शक्ति आती है, ये हमारा भाग्य है।
सांसद भोजराज नाग ने कहा हमारे हिंदू परंपरा में अनेक लोगों को देवी आती है। उसी परंपरा के अनुसार मुझे देवी आती है। देवी देवता का काम क्षेत्र में उन्नति करना होता है। हमारे पूर्वज जंगलों में रहते थे। वे देवी देवता के सहारे रहते थे।
जल, जंगल, जमीन, नदी, पहाड़ पर्वत कुल मिलाकर प्रकृति को ही हम देवी देवता मानते है। हमारे सनातन धर्म में भी प्रकृति को ही भगवान मानते है। वायु, आकाश, जल, अगिन पंचतत्व को ही पूरे सनातन धर्म मानते है।
देवी आने पर कैसा लगता है इस सवाल पर सांसद ने कहा कि किसी व्यक्ति का आत्मा से परमात्मा का लिंक जुड़ जाता है, व्यक्ति के शरीर में देवताओं का जो अंश आता है। उस बात को व्यक्त करना मुश्किल है।