केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के 2 दिवसीय दौरे पर हैं। रात 8 बजे रायपुर पहुंचे। आज रात वे रायपुर के निजी होटल में ठहरे हैं। शनिवार (4 अक्टूबर) को वे बस्तर दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर प्रदेश बीजेपी के नेताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रायपुर एयरपोर्ट पर अमित शाह का CM विष्णुदेव साय, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, गृहमंत्री विजय शर्मा, डिप्टी CM अरुण साव समेत मंत्री और विधायकों ने स्वागत किया। कई बीजेपी नेता भी मौजूद रहे।
इधर शाह के बस्तर दौरे से ठीक 2 दिन पहले बीजापुर जिले में 103 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें 49 नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ 6 लाख 30 हजार रुपए का इनाम घोषित है। कुछ दिन पहले शाह ने कहा था कि नक्सली सरेंडर करें, रेड कार्पेट में उनका स्वागत करेंगे, वरना गोली का जवाब गोली से देंगे।
वहीं शाह के दौरे के पहले कांग्रेस ने नक्सलियों के आत्मसमर्पण को फर्जी बताया है। कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा ने नक्सलियों के आत्मसमर्पण को इवेंट बना दिया है। एक तरफ आत्मसमर्पण हो रहा है, दूसरी तरफ एनकाउंटर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार को हाल ही में आत्मसमर्पण करने वाले 103 नक्सलियों के बारे में पूरी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए। बस्तर में कई फर्जी सरेंडर, एनकाउंटर हुए। कई निर्दोष आदिवासियों को जेल भेज दिया। नक्सलियों के लिए सरकार रेड कारपेट बिछा रही है। सरेंडर करने वाली असली नक्सली हैं या सरकार प्रोपेगंडा कर रही है