Dewas Bus Accident: आष्टा-कन्नौद रोड पर राजस्थान के तीर्थ यात्रियों की बस पलटी, 35 लोग हुए घायल

कन्नौद-आष्टा मार्ग स्थित कतलाय घाट की चढ़ाई वाले स्थान पर राजस्थान के तीर्थ यात्रियों की बस अनियंत्रित होकर रविवार देर रात पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई।

Advertisement

सूचना मिलने पर कन्नौद से पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को कन्नौद के सरकारी अस्पताल लाया गया। हादसे में करीब 35 लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो को कंधे में फ्रैक्चर हुए हैं। अधिकांश घायलों का प्राथमिक उपचार करके छुट्टी कर दी गई। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उदयपुर राजस्थान के तीर्थ यात्रियों की बस कन्नौद कुसमानिया के बीच कतलाय घाट पर अनियंत्रित होकर पलटी। सूचना मिलने के बाद टीआई कन्नौज तहजीब काजी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, एंबुलेंस को बुलाया गया।

एंबुलेंस व डायल 100 वाहन की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन द्वारा यात्रियों के विश्राम के इंतजाम भी रात में करवाए गए। कन्नौद बीएमओ डॉक्टर लोकेश मीणा ने बताया अधिकांश यात्रियों को सामान्य चोट आई थी, किसी को भी गंभीर चोट नहीं है। पुलिस के मुताबिक ज्यादातर यात्री राजस्थान के उदयपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। यह लोग हरिद्वार, चित्रकूट सहित अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए निकले थे।

कन्नौद के आसपास तीन प्रमुख घाट हैं। इनमें से कलवार घाट इंदौर-बैतूल हाईवे पर है जबकि कन्नौद-आष्टा मार्ग पर जंजालखेड़ी व कतलाय घाट पड़ते हैं। तीनों ही घाट डेंजर जोन बने हुए हैं। कलवार घाट पर तीन-चार दिन पहले दो बाइक की भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे छह लोगों में से तीन को ट्रक ने कुचल दिया था, जिसमें तीनों की मौके पर मौत हो गई थी। इस घाट पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। वहीं जंजालखेड़ी घाट पर भी हर दो-चार दिन में हादसे हो रहे हैं।

Advertisements