जांजगीर-चांपा में 17 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, उप मुख्यमंत्री बोले- दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हो रहा प्रदेश का विकास

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जांजगीर-चांपा जिले का दौरा कर कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र में चौपाटी का शुभारंभ किया और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने 10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही नगर पालिका भवन के लिए ढाई करोड़ और अन्य विकास कार्यों के लिए ढाई करोड़ रुपये की घोषणा की।

साव ने कहा कि विष्णुदेव साय की अगुवाई वाली भाजपा सरकार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पूरे प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांजगीर-चांपा जिले में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी। भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश की सभी नगरपालिकाओं और नगर निगमों को विकास के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इसी का नतीजा है कि छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में अहम स्थान हासिल किया है।

कार्यक्रम में नगरवासियों ने उप मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के पार्षद मौजूद रहे। कांग्रेसी विधायक ब्यास कश्यप और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कश्यप ने अटल बिहारी वाजपेयी को अजात शत्रु बताते हुए उप मुख्यमंत्री से मांग की कि कांग्रेस विधायकों के क्षेत्रों में भी विकास कार्य किए जाएं।

साव ने कहा कि डेढ़ साल में सरकार ने विकास का केवल ट्रेलर दिखाया है, अभी पूरी तस्वीर बाकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में प्रदेश के हर जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। उप मुख्यमंत्री की घोषणाओं और विकास कार्यों की शुरुआत से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल रहा।

Advertisements
Advertisement