बिहार के फेरी वाले से मारपीट और सामान में आगजनी, पलारी में बाइक सवार ने गद्दा विक्रेता को पीटा

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के गीतकेरा गांव में शुक्रवार को एक अज्ञात बाइक सवार ने बिहार निवासी फेरी वाले इरशाद खान से मारपीट की।

घटना प्राथमिक शाला के पास हुई। आरोपी ने पहले गद्दे की कीमत पूछी। कीमत सुनने के बाद वह गुस्से में आ गया। उसने खुद को पुलिस से जुड़ा बताया और फेरी वाले को धमकाने लगा। इसके बाद उसने इरशाद की पिटाई कर दी।

घटना के बाद आरोपी फरार

 

आरोपी ने इतना ही नहीं किया। उसने फेरी वाले की गाड़ी में रखे गद्दों और बाइक को भी आग लगा दी। घटना के बाद वह फरार हो गया। हालांकि, आरोपी की तस्वीर गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पलारी थाना के एएसआई राजेश सेन के अनुसार पुलिस ने मारपीट और आगजनी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।

 

 

Advertisements
Advertisement