बाढ़ में फंसी गर्भवती महिला को रस्सी के सहारे पार कराया नाला, घंटे भर बाद प्रसव

विदिशा। जिले में लगातार हो रही वर्षा के कारण गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ के हालत बन गए। छोटे नदी-नाले उफान पर आ गए, जिसमें एक गर्भवती महिला भी फंस गई। महिला को पुलिसकर्मियों और होमगार्ड के जवानों ने रस्सी की मदद से उफनता नाला पार कराकर अस्पताल पहुंचाया। वहां घंटे भर बाद महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। राजगढ़ जिले के सारंगपुर की रहने वाली गर्भवती चंदा बी का मायका ग्यारसपुर तहसील के गांव मोहम्मदगढ़ का है। वह प्रसव के लिए मायके आई थी।

Advertisement

नाले का उफान कम होने का इंतजार

गुरुवार सुबह उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई तो उनकी मां और अन्य स्वजन एक कार में सवार होकर ग्यारसपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने के लिए निकले लेकिन मानौरा के समीप विश्राम घाट नाला उफान पर होने के कारण वे आगे नहीं जा पाए। चंदा बी के मुताबिक, करीब एक घंटे तक नाले का उफान कम होने का इंतजार करते रहे। इसी बीच नाले के दूसरी तरफ एक पुलिस जवान दिखाई दिया।

जच्चा–बच्चा दोनों की हालत बेहतर

उनकी मां ने उनसे मदद की गुहार लगाई। करीब आधा घंटे के भीतर थाना प्रभारी राय और होमगार्ड जवानों की टीम उफनते नाले के पास पहुंची। राय ने बताया कि पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने रस्सी की मदद से गर्भवती महिला को पैदल नाला पार कराया और तत्काल एंबुलेंस से ग्यारसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां करीब एक घंटे बाद ही महिला को प्रसव हो गया। डॉक्टर ने जच्चा–बच्चा दोनों की हालत बेहतर बताई है।

Advertisements