धरसींवा के सिलतरा में चौकी प्रभारी का गुंडे-बदमाशों के खिलाफ अभियान जारी है। पुलिस ने दो फरार चाकूबाजी करने वालों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस भी निकाला। चौकी प्रभारी राजेंद्र कंवर ने बताया कि 24 जून को प्रार्थी लोकेश्वर साहू शराब भट्टी बंद कर सांकरा स्थित अपने किराये के रूम में जा रहा था तभी ताज प्रोविजन के पास नीलेश्वर नवरंगे व उनके अन्य साथियों द्वारा लोकेश्वर साहू को दौड़ाया गया।
इसके बाद उसके घर के अंदर घुसकर लोकेश्वर पर चाकू से हमला कर दिया। लोकेश्वर साहू को गंभीर चोटें आने से उसे अस्पताल में भर्ती किया गया। लोकेश्वर की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपित को उसी समय गिरफ्तार कर लिया था। शेष फरार चार में से दो आरोपित कारण नौरंगे व लोकनाथ नौरंगे को अभी गिरफ्तार कर उनका सांकरा में जुलूस निकाला गया।