खारुन नदी में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत, खूंटाघाट डेम में डुबा इंजीनियर

भिलाई: जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में ग्राम घुघुवा जमराव एनीकट पर खारुन नदी में बुधवार की शाम 15 वर्षीय किशोर डूब गया। जानकारी लगने पर गोताखोरों ने तलाश शुरू की और देर शाम शव निकाला गया। मृतक गिरीश शरणागत रायपुर का निवासी था और अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ सैर सपाटा के लिए एनिकट पर आया था।

अमलेश्वर पुलिस के मुताबिक रायपुर से चार दोस्त पिकनिक मनाने खारुन नदी पहुंचे थे। एनीकट के पास दोस्त नदी में उतर थे। देखते ही देखते 15 वर्षीय युवक गिरीश शरणागत और एक अन्य युवक नदी के तेज धार में बहने लगे। दोनों ही एनीकट के भंवर में फंस गए। इसे देख उन्य दो दोस्तों ने डूबते हुए किशोरों को बचाने की कोशिश की। दोनों ने एक को तो बचा लिया, लेकिन गिरीश शरणागत काे वे नहीं बचा पाए।

घटना की सूचना मिलने पर अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गिरीश की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद गिरीश का शव खारुन नदी से बाहर निकाला गया। गिरीश पिता नवीन शरणागत वर्तमान में सत्यम विहार कालोनी, रायपुरा जिला रायपुर का निवासी है। उसके साथ आयुष भगत, राहुल राव एवं हिमेश देवांगन भी थे। अमलेश्वर थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने बताया कि मर्ग कायम कर शव स्वजनों को सौंप दिया गया है।

खूंटाघाट डेम में डूबा इंजीनियर, गोताखोरों को अगले दिन मिला शव

बिलासपुर के खूंटाघाट डेम में पिकनिक के दौरान डूबे इंजीनियर का शव गुरुवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंपा जाएगा। स्वजन के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मध्यप्रदेश के बालाघाट में रहने वाले विशाल मानकर (26) इंजीनियर थे। वे कोरबा जिले के सुभाष नगर दीपका में रहक रिजिटेक कंपनी में काम करते थे। बुधवार को विशाल अपने पांच दोस्तों के साथ खूंटाघाट डेम पिकनिक मनाने आए थे। दिनभर मौज मस्ती और खाने के बाद सभी दोस्त जलाशय में नहाने उतरे। नहाने के बाद पांच दोस्त किनारे आ गए, लेकिन विशाल पानी से बाहर नहीं निकला।

काफी देर तक खोजबीन करने पर भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। दोस्तों ने तुरंत रतनपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस दल मौके पर पहुंचा और सर्च आपरेशन शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। गुरुवार सुबह एसडीआरएफ की टीम गोताखोरों के साथ फिर से जलाशय में उतरी। कई घंटों की मशक्कत के बाद विशाल का शव पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेजा गया। स्वजन के आने के बाद शव का पीएम कराया जाएगा।

Advertisements
Advertisement