Left Banner
Right Banner

दशहरे पर हो रहा था अश्लील डांस, रोकने पर भड़का कांग्रेस पार्षद, फिर हुई जमकर मारपीट

जीरन। दशहरा उत्सव समिति जीरन के मंच पर महिला कलाकारों ने अश्लील डांस किया। उनके साथ एक युवक भी नाचता नजर आया। इस बात पर नगर के एक नागरिक ने आपत्ति दर्ज कराई तो कांग्रेस पार्षद व उनके मध्य विवाद हो गया और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। विवाद बढ़ने पर अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इसके बाद मारपीट का शिकार हुए नागरिक की शिकायत पर जीरन पुलिस ने कांग्रेस पार्षद के खिलाफ जातिसूचक गालियां देने और मारपीट करने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया

जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर तहसील मुख्यालय जीरन है। नगर में पहली नगर परिषद जीरन ने दशहरा उत्सव समिति के माध्यम से पहली बार तीन दिवसीय दशहरा मेला आयोजित किया। नगर के मेला परिसर व दशहरा मैदान में 30 अक्टूबर से मंच पर धार्मिक और रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत हुई। 30 सितंबर को भजन संध्या का कार्यक्रम प्रस्तावित था लेकिन एजेंसी आदि इवेंट ने आर्केष्ट्रा और डांस के कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। इसके बाद 1 अक्टूबर को राजस्थानी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तावित था, इसके स्थान पर मेलोडी ग्रुप नीमच के कलाकारों ने आर्केष्ट्रा और डांस की कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। रात करीब साढ़े नौ बजे से मंच पर 4 महिला कलाकारों ने डांस की शुरुआत की।

नागरिकों का आरोप है कि महिला कलाकारों ने कम कपड़ों में फिल्मी गीतों पर अश्लील डांस किया। उनके साथ नगर का एक ही युवक मंच पर डांस करता नजर आया। काफी देर तक यह स्थिति देख रात लगभग 12 बजे बाद जयप्रकाश नगर जीरन के भेरूलाल अहिरवार मंच पर पहुंचे और अश्लील डांस व महिला कलाकारों के साथ युवक के डांस पर आपत्ति ली तो मंच पर पहले से मौजूद वार्ड क्रमांक 3 के पार्षद पुष्पेंद्र सिंह सोनिगरा से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद हाथापाई और मारपीट तक आ पहुंचा। अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर विवाद समाप्त कराया।

मंच पर अश्लील डांस और विवाद के घटनाक्रम के बाद जयप्रकाश नगर जीरन के भेरूलाल अहिरवार ने परिजनों और अन्य नागरिकों के साथ देर रात जीरन थाने पहुंचकर पार्षद पुष्पेंद्र सिंह सोनिगरा के खिलाफ जातिसूचक गालियां देने और मारपीट करने के आरोप में प्रकरण दर्ज कराया। इस मामले में पुलिस ने आरोपित कांग्रेस पार्षद को गिरफ्तार कर भी लिया है। इंटरनेट मीडिया पर इन घटनाक्रमों के वीडियो भी बहु प्रसारित हो रहे हैं। बताया जाता है कि कांग्रेस पार्षद सोनिगरा की गिरफ्तारी भी नाटकीय घटनाक्रम की तरह रही। पार्षद सोनिगरा कुछ लोगों के साथ थाने पर आवेदन देने पहुंचे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन

एक अक्टूबर की रात को घटित घटनाक्रम के मामले में कांग्रेस पार्षद पुष्पेंद्र सिंह सोनिगरा की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज भेरूलाल अहिरवार और अन्य नागरिकों ने नगर के हरवार चौराहा पर 2 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने वाहनों की आवाजाही को बाधित किया। विरोध प्रदर्शन की सूचना पर जीरन टीआई उमेश यादव मौके पर पहुंचे और आरोपित कांग्रेस पार्षद को गिरफ्तार करने की जानकारी दी। इसके बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हो सका।

भाजपा पार्षद ने आर्केष्ट्रा का भुगतान रोकने की मांग की

दशहरा उत्सव समिति जीरन के मंच पर अश्लील डांस कराने के मामले में नगर परिषद जीरन के वार्ड क्रमांक 13 से भाजपा की पार्षद प्रभा राजेश लक्षकार ने सीएमओ विकास डावर को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि रंगारंग कार्यक्रम के स्थान पर मंच पर अश्लील डांस कराने वाले आर्केष्ट्रा मेलोडी ग्रुप का भुगतान रोका जाए। साथ ही मामले में विधि सम्मत जांच कर कार्रवाई की जाए।

Advertisements
Advertisement