महिला ने जन सुनवाई के दौरान पिया जहर, बोली- बच्चों के साथ हुआ गलत काम, पुलिस नहीं लिख रही रिपोर्ट

पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान दोपहर करीब 12 बजे एक महिला ने फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश की। महिला का कहना है कि चार साल पहले दिल्ली के एक व्यापारी और उसके साथी पीड़िता के बच्चों का अपहरण कर ले गए थे। वहां आरोपियों ने बच्चों के साथ गलत काम किया था।

Advertisement

महिला का कहना है कि आरोपी व्यापारी से उसके पति ने रुपये उधार लिए थे, जिसे लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। इसी के चलते आरोपियों ने उसके बच्चों का अपहरण किया। साथ ही महिला का आरोप है कि माधौगंज थाना पुलिस उसकी शिकायत पर रिपोर्ट नहीं लिख रही है। फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, माधौगंज क्षेत्र में रहने वाली महिला पुलिस कंट्रोल रूम की पहली मंजिल पर आयोजित जनसुनवाई में अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर पहुंची थी। वह जनसुनवाई कक्ष में अंदर पहुंचती, इससे पहले ही उसने बोतल निकालकर फिनाइल पी ली। यहां पुलिसकर्मी मौजूद थे। जैसे ही उन्होंने उसे फिनाइल पीते देखा तो तुरंत उसके हाथ से बोतल छीनकर फेंकी। फिर उसे वहीं उल्टियां कराई। इसके बाद उसे अस्पताल भेजा।

अपने बच्चों को लेकर थाने पहुंची महिला

महिला यहां अपनी 15 साल की बेटी और 13 साल बेटे के साथ हुए शारीरिक शोषण की शिकायत लेकर पहुंची थी। महिला का कहना है-दिल्ली के रहने वाले आशीष मेहता से उसके पति का रुपयों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते 2021 में आशीष अपने साथियों के साथ आया। वह उसके पति से मारपीट कर बच्चों को अगवा कर ले गया। यहां बच्चों के साथ गलत काम किया। चार दिन बाद जब पति दिल्ली पहुंचे तब बच्चों को छुड़वाया।

वहीं इस पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है, इसकी जांच चल रही है। अचानक चार साल बाद बगैर जांच के एफआइआर कैसे दर्ज की जा सकती है। इससे पहले महिला की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है।

महिला ने थाने आकर स्टेटमेंट देने से किया इनकार

इस मामले में माधौगंज थाने की एसआइ दिव्या तिवारी जांच कर रही हैं। उनका कहना है कि महिला को कई बार कथन लेने के लिए थाने बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आई। वह सीधे एफआइआर लिखने के लिए बोल रही है। चार साल पुराने मामले में सीधे एफआइआर कैसे की जा सकती है।

वहीं इस पूरे घटना क्रम को लेकर जिला एसएसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि महिला ने सीधे फिनाइल पी लिया। वह जनसुनवाई कक्ष में आ ही नहीं पाई थी। उसके जो आरोप हैं, उनकी जांच चल रही है। चार साल पहले का मामला है। इससे पहले उसने कहीं भी शिकायत नहीं की। शिकायत क्यों नहीं की, इसका कोई जवाब नहीं है।

Advertisements