खनिज निगम अध्यक्ष बनाने का सपना दिखाकर महिला ने भाजपा नेता से की 41 लाख की ठगी

छत्तीसगढ़ में खनिज निगम का अध्यक्ष बनने का लालच देकर भाजपा नेता संतोष कटारिया से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। महिला आरोपी ने भाजपा और संघ से अपने संबंधों का दावा करते हुए नेता को पद दिलाने का झांसा दिया।

Advertisement

महिला ने मांगी थी तीन करोड़ की रकम, अब तक ले चुकी 41 लाख
भाजपा कोर ग्रुप सदस्य और कोंडागांव के पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष कटारिया की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कटारिया का कहना है कि रायपुर निवासी राजीव सोनी के माध्यम से उनकी मुलाकात महिला काजल जोशी से हुई थी।

खुद को बताती थी संघ और भाजपा से जुड़ी पदाधिकारी
महिला ने खुद को नागपुर और दिल्ली निवासी बताकर आरएसएस और भाजपा से जुड़ी पदाधिकारी बताया। उसने केंद्रीय मंत्रियों और छत्तीसगढ़ सरकार के वरिष्ठ नेताओं से करीबी संबंध होने का दावा किया और खनिज निगम का अध्यक्ष बनाने के लिए तीन करोड़ रुपये की मांग की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस
इस झांसे में आकर कटारिया ने अब तक 41 लाख रुपये आरोपी को दे दिए। जब कई महीनों तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्हें ठगी का अंदेशा हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी काजल जोशी और राजीव सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisements