नौकरी नहीं दिलाने के विवाद में युवक को ट्रांसफार्मर पर पकटा, जलने से मौत; आरोपी गिरफ्तार

रतलाम। पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचेवा में पवन चक्की परिसर के गार्ड क्वार्टर में हुए एक सनसनीखेज मामले में कर्मचारी अर्जुन सिंह आंजना ने नौकरी के विवाद में संतोष राठौड़ को चालू ट्रांसफार्मर पर धक्का दे दिया, जिससे वह झुलस गया। इंदौर में इलाज के दौरान संतोष की मृत्यु हो गई। पुलिस ने अर्जुन को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया। उसे जेल भेज दिया है।

Advertisement

ये है पूरा मामला

13 और 14 अप्रैल 2025 की दरमियानी रात पंचेवा के पवन चक्की परिसर में संतोष राठौड़ पुत्र शोभाराम राठौड़ को करंट लगने से गंभीर चोटें आईं। पुलिस जांच में पता चला कि संतोष को कर्मचारी अर्जुन सिंह ने जानबूझकर चालू ट्रांसफार्मर पर धक्का दिया था।

घटना के बाद कर्मचारियों ने संतोष को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां से उसे इंदौर रेफर किया गया। इंदौर के एक निजी अस्पताल में शनिवार रात उसकी मृत्यु हो गई। रविवार को परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।

मरने से पहले दिया था बयान

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कर्मचारियों से पूछताछ की। इंदौर में संतोष ने पुलिस को बताया कि अर्जुन उसे तीन दिन से नौकरी दिलाने का झांसा देकर पवन चक्की ले जा रहा था। दो दिन काम कराने के बाद तीसरी रात संतोष ने नौकरी की मांग की, जिस पर दोनों में विवाद हुआ।

अर्जुन ने गुस्से में उसे ट्रांसफार्मर पर धक्का दे दिया, जिससे वह झुलस गया। इस बयान के आधार पर पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया, लेकिन मृत्यु के बाद हत्या की धारा 103(1) जोड़ी गई।

आरोपी की गिरफ्तारी

एसपी अमित कुमार के निर्देश पर जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो और थाना प्रभारी प्रकाश गड़रिया के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए अर्जुन सिंह आंजना को पंचेवा से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अर्जुन ने नौकरी के विवाद में संतोष को ट्रांसफार्मर पर धक्का देने की बात कबूल की। रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की भूमिका

गिरफ्तारी में सुखेड़ा चौकी प्रभारी पंकज राजपूत, प्रधान आरक्षक अनिल डोडिया, आरक्षक राजेश पटेल, जितेंद्र माली और अनिल पाटीदार शामिल थे। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है।

Advertisements