ऑनलाइन सट्टे की लत ने बना दिया लुटेरा:दुर्ग में बेटी के गले पर चाकू अड़ाया, इंजीनियर मां से की लूटपाट

दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में एक लड़की के गले में चाकू टिकाकर मां से लूटपाट करने वाला आरोपी पकड़ा गया है। आरोपी ने बताया कि उसे सट्टा खेलने की लत लग गई थी। इसे पूरा करने के लिए उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया।

बता दें कि बीते 18 मार्च की रात भिलाई में बालोद में पीएचई विभाग में पदस्थ इंजीनियर सुमन साहू के साथ लूटपाट हुई थी। एक नकाबपोश आरोपी ने गार्डन से लौटते समय उनकी बेटी के गले पर चाकू अड़ाकर उनसे सोने की चेन, अंगूठी और 1 जोड़ी सोने की बाली लूटा और फरार हो गया था।

500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले

उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) अजय सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही उन्होंने मामला दर्ज कर नेवई थाना प्रभारी राहुल बंसल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित करके काम किया। टीम ने ना सिर्फ घटना स्थल का निरीक्षण किया, बल्कि आसपास लगे 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला। आसपास दुकान, बाजार के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की।

पतासाजी के दौरान CCTV में दिख रहे संदेही के हुलिये के आधार आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान उनके मुखबिर ने उन्हें बताया कि ऐसे ही एक युवक के पास सफेद रंग की स्कूटी है। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर संदेही अर्पित साहू (26 वर्ष) निवासी प्रगति नगर रिसाली को पकड़ा गया। पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

सट्टा की बुरी लत ने बना दिया लुटेरा

अजय सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऑनलाइन सट्टा खेलने की बुरी लत लग गई थी। इससे उसके पास पैसे नहीं रहते थे और पैसों की जरूरत पूरा करने के लिए उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया।

लूट के घटनाक्रम को बताया

पूछताछ में आरोपी ने लूट के घटनाक्रम को बताया। उसने बताया कि वह अपनी एक्टिवा का नंबर प्लेट हटाकर घर से निकला था। उसने अपने चेहरे में स्कार्फ बांधा हुआ था। इसके बाद पूरी प्लानिंग के तहत चाकू लेकर रात करीब 9 बजे मरोदा सेक्टर के पास पहुंचा। उसने देखा कि आत्मानंद पार्क में बहुत सी महिलाएं धूम रहीं थी।

एक महिला उसी दौरान अपनी दो बेटियों के साथ पार्क से निकली। उसने गले में गोल्ड ज्वेलरी पहनी हुई थी। इससे उसने उस महिला को अपना टारगेट बनाया और उसका पीछा किया। जैसे ही महिला मरोदा सेक्टर डीपीएस स्कूल के पास पहुंची, उसने महिला के आगे गाड़ी लगाकर उसे रोका।

बेटी के गले पर अड़ाया चाकू

इसके बाद चाकू निकालकर उसकी बेटी के गले में टिका दिया। को जान से मार देने का भय दिखाकर उसकी मां को सोने की चेन, टॉप्स और अंगूठी उतारने के लिए बोला। महिला ने तुरंत सारे जेवर उतारकर दे दिया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था।

 

 

Advertisements
Advertisement