भोपाल। भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र के सागर ग्रीन हिल्स स्थित अमरनाथ कॉलोनी में रह रहा 24 वर्षीय अफगानी नागरिक सैयद राशिद सादत दो माह से लापता है। वह जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता का छात्र रह चुका है। कोलार थाना पुलिस ने उस पर वीजा खत्म होने के बाद अवैध रूप से रहने को लेकर एफआइआर दर्ज की है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि सादत को जनवरी 2025 के बाद से इलाके में नहीं देखा गया है। जांच में पता चला कि उसका वीजा 25 मार्च 2024 को समाप्त हो गया था। इसके बाद से वह अवैध रूप से भारत में रह रहा था। इस आधार पर कोलार थाना पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।
भोपाल में रहकर कर रहा था नौकरी
कोलार थाने के एसआइ मिथिलेश त्रिपाठी ने बताया कि वह दिल्ली में कहीं छिपा हो सकता है। इस मामले को लेकर दिल्ली और अन्य संभावित स्थानों पर भी छानबीन की जा रही है। युवक के लापता होने और वीजा उल्लंघन के कारण यह मामला गंभीर बन गया है।
सैयद राशिद सादत 2019 में स्टूडेंट एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत भोपाल में पढ़ाई के लिए आया था। उसके बाद उसने स्नातक और स्नाकोतर किया और फिर नौकरी भी शुरू कर दी थी।