छत्तीसगढ़ की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अमर अग्रवाल को राजभवन से फोन आने के बाद वे राज्यपाल रामेन डेका से मिलने पहुंचे। अमर अग्रवाल करीब एक घंटे 15 मिनट तक राजभवन में मौजूद रहे।
अमर अग्रवाल और राज्यपाल रामेन डेका की मुलाकात को मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि अमर अग्रवाल का कहना है कि यह समय 10 दिन पहले ही तय किया गया था, इसलिए वह राज्यपाल से मिलने गए थे।
इसी बीच छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह दिल्ली रवाना हो गए हैं, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात तय मानी जा रही है।
बताया जा रहा है कि 20 अगस्त को मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। 21 अगस्त को 3 नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। इसके बाद सीएम विष्णुदेव साय के साथ सभी मंत्री दिल्ली जा सकते हैं।
मंत्री बनने की रेस में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, कुरुद विधायक अजय चंद्राकर, दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब का नाम आगे चल रहा है।
CM साय ने भी की थी राज्यपाल से मुलाकात
दरअसल, मंत्रिमंडल विस्तार के लिए CM विष्णुदेव साय को हरी झंडी मिल चुकी है। CM ने शनिवार शाम को राज्यपाल रामेन डेका से मुलाकात भी की थी। बताया जा रहा है कि साय कैबिनेट में 2 संगठन और एक RSS की पसंद का मंत्री आने वाले दिनों में शामिल होगा। वहीं, पुराने मंत्रियों की कुर्सी सुरक्षित रहेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 अगस्त को जापान और दक्षिण कोरिया की यात्रा पर रवाना होंगे। ऐसे में अनुमान है कि शपथ ग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। कैबिनेट विस्तार पर CM साय ने कहा था कि इंतजार करते रहिए, हो भी सकता है।
कैबिनेट में तीन नए चेहरे जुड़ेंगे
बीजेपी संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, संगठन विस्तार के दौरान तीन नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसमें सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को प्राथमिकता दी जाएगी। अनुमान है कि एक मंत्री सामान्य वर्ग से, दूसरा अनुसूचित जनजाति से और तीसरा पिछड़ा वर्ग से चुना जा सकता है।
इसके साथ ही बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग से एक-एक मंत्री शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।