अंबिकापुर सेंट्रल जेल में बंद कैदी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल से भाग निकला है। सोमवार सुबह वो सुरक्षाकर्मियों से बताकर बाथरूम जाने के लिए निकला, लेकिन नहीं लौटा। काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर सुरक्षाकर्मियों ने खोजबीन शुरू की तो उसका पता नहीं चला। सुरक्षाकर्मियों ने इसकी सूचना जेल प्रबंधन को दी। सूचना पर पुलिस अलर्ट हो गई है। मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम मल्हार निवासी मुकेश कांत पिता हर प्रसाद को हत्या के आरोप में उम्रकैद की सजा हुई है। सजा के बाद उसे अंबिकापुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया था। यहां वह लंबे समय से बंद था। 4 अक्टूबर शनिवार को वह बीमार पड़ा तो उसे जेल से मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती किया गया। उसका इलाज जेल वार्ड में किया जा रहा था।
बहाने से भाग निकला बंदी, खोजबीन में जुटी पुलिस
बंदी मुकेश कांत सुरक्षा प्रहरियों को बाथरूम जाना बताकर बैरक से निकला। वह काफी देर तक नहीं लौटा तो सुरक्षा प्रहरियों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसकी सूचना जेल प्रबंधन को दी गई। जेल प्रबंधन ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिसकर्मियों के साथ जेल प्रहरियों ने बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में फरार बंदी की पतासाजी की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला।
भीड़ का फायदा उठाकर भाग बंदी- CSP
अंबिकापुर सीएसपी राहुल बंसल ने बताया कि, बंदी मुकेश कांत हॉस्पिटल में भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। जिस समय वह भागा हॉस्पिटल में ओपीडी का समय था। लोगों की भीड़ थी। भीड़ की आड़ में ही वह भागने में सफल रहा। आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को बंदी के फरार होने की सूचना दे दी गई है। फरार बंदी की खोजबीन की जा रही है।