Axiom-4 मिशन: तिरंगे के साथ अंतरिक्ष रवाना हुए शुभांशु शुक्ला, प्ले लिस्ट में ‘स्वदेस’ का देशभक्ति गीत

नई दिल्ली:भारत एक बार फिर अंतरिक्ष की नई ऊंचाइयों को छूने जा रहा है। भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला Axiom-4 मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) की ओर रवाना हो चुके हैं। यह मिशन न केवल भारत के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि हर हिंदुस्तानी के दिल में गर्व और उत्साह भर देने वाला है।शुभांशु के इस ऐतिहासिक सफर की एक खास बात ये है कि वे शाहरुख खान की फिल्म ‘स्वदेस’ के प्रेरणादायक गीत ‘यूं ही चला चल राही’ को सुनते हुए अंतरिक्ष की ओर बढ़े। उनकी प्लेलिस्ट से इस जानकारी का खुलासा हुआ है, जो देशभक्ति की भावना को और प्रबल करता है।

Advertisement

Axiom-4 मिशन बुधवार दोपहर 12:01 बजे अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्चपैड 39A से लॉन्च किया गया। इस मिशन में शुभांशु समेत चार अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं। अनुमान है कि स्पेसक्राफ्ट गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन से डॉक करेगा। शुभांशु की यह अंतरिक्ष यात्रा करीब 28 घंटे लंबी होगी।

शुभांशु शुक्ला राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय होंगे और ISS का दौरा करने वाले पहले भारतीय बनेंगे। यह मिशन भारत के ह्यूमन स्पेसफ्लाइट कार्यक्रम की दिशा में एक बड़ी छलांग माना जा रहा है।अंतरिक्ष से शुभांशु का पहला संदेश भी सामने आया है। उन्होंने कहा,“41 साल बाद भारत अंतरिक्ष में फिर इतिहास रचने जा रहा है। मेरे कंधे पर तिरंगा है, जो मुझे हर पल यह याद दिलाता है कि मैं अकेला नहीं हूं, पूरा भारत मेरे साथ है। यह एक अद्भुत यात्रा है, और मैं चाहता हूं कि हर भारतीय इसका हिस्सा बने।”

फिल्म ‘स्वदेस’, जिससे शुभांशु ने प्रेरणा ली, साल 2004 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में शाहरुख खान ने नासा में काम करने वाले एनआरआई मोहन भार्गव का किरदार निभाया था। फिल्म को आशुतोष गोवारिकर ने डायरेक्ट किया था और यह भारत के सबसे प्रेरणादायक और क्लासिक सिनेमा में गिनी जाती है।शुभांशु शुक्ला की ये उपलब्धि भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान में नई पहचान दिला रही है। हर भारतीय की नजरें अब अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर हैं, जहां तिरंगा एक बार फिर फहराने को तैयार है।

Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *