अयोध्या: कान्हा गौशाला में गायों की मौत पर फूटा आक्रोश, नगर निगम परिसर में हुआ जोरदार प्रदर्शन

अयोध्या: नगर निगम परिसर उस समय विरोध और नारों का केंद्र बन गया, जब कई सामाजिक संगठनों, पशु प्रेमियों और राजनीतिक दलों के नेताओं ने कान्हा गौशाला में गायों की असमय मौत को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और परिसर में मृत गायों को श्रद्धांजलि भी दी।

Advertisement

कांग्रेस नेता शरद शुक्ल ने कहा कि गौशाला में फैली अव्यवस्थाओं के कारण दर्जनों गायों की मौत हुई है, जिसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि तीन महीने का सीसीटीवी फुटेज और रजिस्टर जब्त कर तत्काल जांच शुरू की जाए। पशु प्रेमी प्रज्ञा गुप्ता ने बताया कि नगर निगम, पशु चिकित्सा अधिकारी, जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री पोर्टल पर कई बार शिकायत की गई, लेकिन किसी भी स्तर से कोई जवाब नहीं मिला। इससे साफ है कि जिम्मेदार अधिकारी मामले को नजरअंदाज कर रहे हैं।

सपा नेता प्रवीण प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में अभिषेक त्रिपाठी, सात्विक रंजन पाण्डेय, शोभित शुक्ला, जयंत चंद्रा, आकांक्षा मिश्रा, दीपशिखा, दिव्यांश, सरिता, हिमांशु त्रिपाठी, धनंजय पाण्डेय, आयुष्मान सिंह, संस्कार सिंह, यश सिंह, शिवेंद्र सिंह, शिवम मिश्र, अभय यादव, वैभव सिंह, दीपेंद्र सिंह समेत अनेक लोग शामिल रहे।

प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करने की मांग करते हुए नगर निगम प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा।

Advertisements