अयोध्या: देश की सांस्कृतिक धरोहर और आध्यात्मिक चेतना को अपनी लेखनी से जीवंत कर देने वाले अयोध्या के मृगेंद्र राज पांडेय ने एक बार फिर पूरे देश को गर्व से भर दिया है। महज 18 वर्ष की उम्र में देश के 51 प्रसिद्ध मंदिरों पर पुस्तक लिखकर उन्होंने 11वां विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड निवासी मृगेंद्र को लोग अब “आज का अभिमन्यु” कहकर पुकारते हैं। उनके शब्दों में केवल वर्णन नहीं, बल्कि मंदिरों की आत्मा, पौराणिक गाथाएं, स्थापत्य की गरिमा और आस्था की अविरल धारा बहती है। यह उपलब्धि केवल लेखनी की नहीं, श्रद्धा, साधना और संस्कारों की भी है।
उनकी इस ऐतिहासिक पुस्तक में केदारनाथ, सोमनाथ, सिद्धिविनायक, बद्रीनाथ, कोणार्क का सूर्य मंदिर, खजुराहो, शिरडी साईं बाबा, महाबोधि मंदिर, सांची स्तूप और रंगनाथस्वामी मंदिर जैसे भारत के तमाम बड़े मंदिर शामिल हैं।
मृगेंद्र की प्रतिभा बचपन से ही चमत्कारी रही है, ढाई साल की उम्र में टीवी चैनलों पर धारा प्रवाह जवाब, पांच साल में पहला काव्य संग्रह, और 2013 में ‘दुनिया के सबसे कम उम्र के कवि’ का विश्व रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हुआ। अब तक वे नौ अलग-अलग विषयों पर किताबें लिख चुके हैं, जिससे उनका नाम ‘यंगेस्ट मल्टी डाइमेंशनल राइटर ऑफ द वर्ल्ड’ के तौर पर भी विश्व रिकॉर्ड में दर्ज है।
जहां आज के युवा सोशल मीडिया और डिजिटल दुनिया में उलझे हैं, वहीं मृगेंद्र राज अपनी कलम से भारत की जड़ों को सींच रहे हैं। वे आज के समय में उन बिरले युवाओं में हैं जो ज्ञान, साहित्य और संस्कृति को जीवन का आधार मानते हैं। यह उपलब्धि न केवल अयोध्या बल्कि पूरे भारत की सांस्कृतिक चेतना के लिए गर्व का क्षण है।